ख़ुशफ़हमी - चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव

चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तवचन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव1 Sept 1966

4 min read · 12.4K reads

मैं खुश हूँ कि
कल सिविल लाइंस चौराहे से
जिस गोलू का अपहरण हुआ
वह मेरा बेटा नहीं था

मैं ख़ुश हूँ इसलिए कि
कर्नलगंज थाने में जो औरत
कल बलात्कार की शिकार हुई
वह मेरी पत्नी नहीं थी

ख़ुश हूँ कि कल दंगाइयों ने
सुलेम सराय में जो दुकान लूटी थी
वह दुकान मेरी नहीं थी
ख़ुश हूँ कि
हिंदू हास्टल के सामने कल
जो स्कूटर जला दिया गया था
वह मेरा नहीं था

इसलिए भी कि कल जी०टी० रोड पर
जिस बुढ़िया को ट्रक ने रौंद डाला
वह मेरी माँ नहीं थी
मुझे ख़ुशी इस बात की भी है कि
कल सरोजनी नायडू अस्पताल में
ग़लत इंजेक्शन की वज़ह से
जिस बच्ची ने दम तोड़ दिया
वह मेरी पिंकी नहीं थी

कल से आज तक
ढेर सारी वज़ह थी खुश होने की
बावजूद इसके
मैं कल सारी रात
ठीक से सो नहीं पाया
चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव
About the poet

चन्द्र प्रकाश श्रीवास्तव

View profile & all 16 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like