काश! मैं तुम्हें बता पाता कि
तुम्हारे न रहने भर से जीवन कितना नीरस है।
जीवन की राह की कोई थाह नहीं रही
अब सफ़र मंज़िल तक पहुँचने से पूर्व ही
दम तोड़ देते हैं।
व्याकुलता खाए जाती है और
तुम्हारी आँख के नीचे का तिल
मेरी उदासी का सबब होता जाता है
जिसे अब देखने को तरसता हूँ।
सदक़े ले तो लूँ अपनी हाथ की उँगलियों को मोड़
तुम्हारे माथे से और चूम लूँ तुम्हारा माथा पर
प्रिय तुम अब जा चुकी हो।
यह सांसारिक भौतिकवाद भी
तुच्छ कामनाओं के सिवा कुछ नहीं
चारों ओर एक उदासी है
उदासी भी ऐसी जैसे कोई
अमरबेल लिपटी जा रही हो मन से
और मन संपूर्ण रूप से विलीन होने की चाह में
समर्पण कर चुका हो।
लौट आओ किसी रोज़
काट दो जड़ इस अमरबेल की
बचाने को प्रेम है
और गँवाने को मात्र मैं।








