कुत्ते और आदमी - ब्रजेश कृष्ण

ब्रजेश कृष्णब्रजेश कृष्ण

5 min read · 12.4K reads

महाभारत में ऐसा कोई प्रसंग नहीं
कि काटा हो युधिष्ठिर के कुत्ते ने
किसी आदमी को

हमारे वक़्त के
रायबहादुर कुत्तों की बात अलग है
वे अपने मालिकों से सीखते हैं सभी कुछ
और काटने दौड़ते हैं हर समय
हर किसी को अपने मालिक की तरह

मैं दूर रहता हूँ इन कुत्तों
और इनके मालिकों से

बात यहाँ उन कुत्तों की है
जो किसी भी गली के मुहाने पर
आराम से लेटे/अधलेटे/खेलते
या खाने की तलाश में
घूमते हुए मिल जाते हैं

वे नहीं काटना चाहते आदमी को
वे काटते ही तब हैं
जब उन्हें
आदमी की हरक़त का हावभाव में
दिखाई देता है कोई कुत्तापन

कभी-कभी ग़लती भी होती है उनसे
या फिर अकारण कोई डर या खीझ
कि वे एक सीधे-सच्चे आदमी को
यहाँ तक कि किसी बच्चे को काट लेते हैं

लेकिन ग़लती किससे नहीं होती
अब यही देखें कि
हम लाख छिपाना चाहें अपना कुत्तापन
लेकिन वह उजागर हो ही जाता है
हमारी किसी न किसी ग़लती से।
ब्रजेश कृष्ण
About the poet

ब्रजेश कृष्ण

View profile & all 32 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like