बहुत सारी रुलाइयाँ
दूर-दूर से आकर घेर ले रही हैं
एक एम्बुलेंस अभी अनेक सिसकियों को
समेट कर ले जा रही है!
पूरा लंबा रास्ता द्रवित है :
एम्बुलेंस के विषाद से
वह स्वयं क्यों जा रहा है रोता हुआ
किसे ले गए लोग?
क्यों ले गए लोग?
कौन लोग हैं जो रोना नहीं भूल पाए
अब तक इस भौतिक संसार में?
खिड़की खोलकर देखता हूँ
बेमियादी क़ैद से
बाहर झाँकने की यह एक नई सीमा है
इस रुदन की कोई एक भाषा नहीं
सारे व्याकरण ध्वस्त हो गए हैं
फिर भी रुलाई का व्याकरण समझने को
क्यों परेशान हूँ अभी तक?
दुःख और यातना का कारण जान भी लूँ
तो भी क्या कर लूँगा
फिर भी
किसे और क्यों ले गए लोग
यह ठीक-ठीक जानने को आतुर
झाँकता हूँ बार-बार बाहर
यह मेरी विकलता,
यह मेरी विफलता है?
बाहर जाने की टूटी हुई कुंडी है मेरी उदासी?
मेरे भीतर बार-बार कोई कहता है
कि यह उदासी और आँसू का सूत्र है जीवन
जो हर बार मुझे सोते से जगा देता है
कहता हुआ कि समेट लो सामान
बुझा दो स्मृतियों को
मूँद दो पोथियों की आँखें
देख लो उस पौधे को जिसे लगाया
पिछले शुक्ल पक्ष के पखवारे में
कुछ देर में या अगली किसी रात में
तुमको ले जाने आए कोई
एम्बुलेंस नए रुदन का शमन करने
खिड़की नहीं करता बंद
किताब नहीं रखता अलमारी में
नहीं समेटता सामान
खड़ा रहता हूँ कितनी ही देर
न जाने किस प्रतीक्षा में
एक अनजानी रुलाई से लिपटा घिरा।








