मन कैसा उचाट रहा दिन भर
याद आते रहे वे लोग
जिन्होंने
पाल-पोस कर जिलाया मुझे।
ढीठ कैसे कहते हैं
तुम्हीं देना आग, पानी
तुम्हीं पारना पिंडा
क्या उन्होंने इसीलिए पाला मुझे
कि रखूँ उनकी पुतलियों पर कपूर
फूँकूँ उन्हें, दाग़ दूँ!
जिन्होंने मुझे प्यार दिया तिल-तिल कर
लड़ना और भागना सिखाया,
सिखाए गुन और अवगुन
दुनिया भर के
जोतना-बोना और मिट्टी में
मिल जाना सिखाया।
मन इतना उचाट रहा कि
रात बीत जाने पर भी
भोर में ख़ुश-ख़ुश डूबता चाँद न सुहाया
रह-रह कर
पिता की मलिन आँखों पर
कपूर रखना याद आया।








