वफ़ा को जगमगाना चाहते हैं

बिस्मिल साबरीबिस्मिल साबरी17 Jul 1937

1 min read · 12.4K reads

वफ़ा को जगमगाना चाहते हैं

हम अपना दिल जलाना चाहते हैं

हमें तुम अपने दामन में छुपा लो

मुसाफ़िर हैं ठिकाना चाहते हैं

पुराने ज़ख़्म भर जाने से पहले

नई इक चोट खाना चाहते हैं

तुम्हारी याद के सय्याल मोती

मेरी पलकों तक आना चाहते हैं

दर-ए-दिल पर खड़े हैं ग़म हज़ारों

ये पंछी आशियाना चाहते हैं

ये आँखें और भर आती हैं 'बिस्मिल'

अगर हम मुस्कुराना चाहते हैं

बिस्मिल साबरी
About the poet

बिस्मिल साबरी

उपनाम : 'बिस्मिल साबरी' मूल नाम : बिस्मिल्लाह बेगम साबरी जन्म : 17 Jul 1937 | साहिवाल, पंजाब LCCN : n2013205565

View profile & all 8 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like