पार्क की पहली धूप से मिलने
उँगली से उँगली को थामे
सब को हेलो हेलो करती
वॉकी टॉकी दादी पोती
सहज सहज चलती हैं दादी
आगे पीछे फिरती पोती
रुकती चलती चलती रुकती
वॉकी टॉकी दादी पोती
घुस आया शायद कोई कंकर
पोती की चप्पल के अंदर
दादी झुक के झाड़ रही हैं
पोती को फटकार रही हैं
कितना कहा था जूता पहनो
लेकिन तुम किस की सुनती हो
सॉरी दादी दादी सॉरी
कल से जूता ही पहनूँगी
पोती आँखें मटकाती है
दादी को यूँ बहलाती है
पार्क में जा कर बैठ गई हैं
धूप से ख़ुद को सेंक रही हैं
लेकिन पोती क्यों बैठेगी
पार्क में आई है दौड़ेगी
झूला सी सौ और स्लाइड
लेकिन दादी बनी हैं गाईड
ये न करो ये क्या करती हो
है है जो तुम गिर जाती तो
तितली के पर तोड़ रही हो
तौबा तौबा कितनी बुरी हो
दामन में फिर भर लिए पत्थर
फेंको वर्ना दूँगी थप्पड़
दादी ने जो दी इक झिड़की
लाल भभूका हो गई पोती
अब दोनों चुप दोनों रूठी
उन की तोलो हो गई कट्टी
आया तभी ग़ुबारे वाला
टन टन घंटी ख़ूब बजाता
नीले पीले कितने सारे
बादल छूने वाले ग़ुबारे
लेकिन कैसे पाएगी पोती
दादी से तो हुई है कट्टी
सोच सोच के धीरे धीरे
बोली ग़ुबारे वाले से
मुझ को एक ग़ुबारा दे दो
पैसे दादी जान से ले लो
उन से मेरी हुई है कट्टी
लेकिन हैं तो मेरी दादी
सुन के हँस दीं बोलीं दादी
ले जीती तू मैं ही हारी
भय्या एक ग़ुबारा दे दो
इस आफ़त की परकाला को
फ़ित्ना है शैतान की नानी
फिर भी जान से दिल से प्यारी
ले के ग़ुबारा हँसती हँसती
घर को चलीं वो पकड़े उँगली
रुकती चलती चलती रुकती
वॉकी टॉकी दादी पोती








