काशिफ़ मियाँ बहादुर - नज़्म

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसनबिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन1 Sept 1938

1 min read · 12.4K reads

भूतों की इक हवेली में काशिफ़ मियाँ गए

ऐसा लड़े कि भूतों के छक्के छुड़ा दिए

इक भूत कूद फाँद के चिमनी पे चढ़ गया

और दूसरा दहाड़ के छत फाड़ने लगा

सब से बड़ा जो था वहीं धम से लुढ़क रहा

काशिफ़ के एक घूँसे में चीं बोलना पड़ा

और छोटे-मोटे भूतों का क्या हाल पूछना

छुपने की कोने कोने में वो ढूँडते थे जा

कोई छुपा था टूटे हुए तख़्त के तले

कोई पुकारता था बचाओ कि हम मरे

सब मोटी छोटी भूतनियाँ चीख़ने लगीं

बाल अपने नोच नोच के मुँह पीटने लगीं

छोटे-बड़े बहुत थे वहाँ भूत भूतनी

काशिफ़ मियाँ के आगे किसी की नहीं चली

सब हाथ बाँध बाँध के रोते पुकारते

काशिफ़ मियाँ से कहने लगे कीजिए मुआ'फ़

हम भूल के भी अब न हवेली में आएँगे

आ भी गए तो आप से कब बचने पाएँगे

लेकिन बड़े ग़ज़ब की तभी बात ये हुई

इस शोर और शराबे से आँख उन की खुल गई

तब ये पता चला उन्हें ये सब तो ख़्वाब था

जो भी हो ख़्वाब उन का बड़ा ला-जवाब था

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन
About the poet

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन

उपनाम : 'बिलक़ीस' मूल नाम : बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन जन्म : 01 Sep 1938 | पटना, बिहार

View profile & all 33 Poems / Stories