एक दिन की बादशाही - नज़्म

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसनबिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन1 Sept 1938

1 min read · 12.4K reads

नन्ही सी एक गुड़िया रिप्पो दमन हमारी

जैसा है नाम उन का वैसी अदाएँ सारी

इतनी सी उम्र में भी फ़ित्ने उठाएँ क्या क्या

पिंकी के गाल नोचे बब्लू को जा खसोटा

किस की मजाल उन की ज़िद टाल जाए कोई

मम्मी की ये दुलारी ये जान पापा जी की

टीचरज़ डे में अब के वो बन गईं प्रिंसिपल

क्या यादगार दिन था कैसी मची थी हलचल

भारी सी साड़ी बाँधी सर पर बड़ा सा जूड़ा

ये रूप देख उन का काँपा क्लास पूरा

इक इक की नोट-बुक में ग़लती निकाली उस ने

जो दो को मारा थप्पड़ तो चार कान ऐंठें

सब सर झुकाए बैठे रोते बिसोरते थे

कल देख लेंगे इस को चुप-चाप सोचते थे

लेकिन हमारी रिप्पो कब किस से ये डरी थी

सब के निकाले कस-बल इक इक की कर दी छुट्टी

यूँ रो'ब झाड़ने में वो दिन मगर गया था

इक दिन की बादशाही में किस क़दर मज़ा था

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन
About the poet

बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन

उपनाम : 'बिलक़ीस' मूल नाम : बिलक़ीस ज़फ़ीरुल हसन जन्म : 01 Sep 1938 | पटना, बिहार

View profile & all 33 Poems / Stories