तुम्ही त्रिलोचन - भारतेन्दु मिश्र

भारतेन्दु मिश्रभारतेन्दु मिश्र5 Sept 1959

3 min read · 12.4K reads

जैसे तुमने देखा था नगई को बटते
शब्दों की रस्सियाँ बटी हैं ,देखा मैंने
जिनमे कितनी अर्थमयी किरणें लिपटी हैं
रस्सी में हैं तीन लरें व्यंजना सरीखी
साधे हो सत-रज तम को तुम एक साथ ही
चम्पा, भोरई, फेरू सबको लिए साथ हो
घिसते रहे अमोला बरसों और बजाते रहे पिपिहरी
तोल न पाता हूँ भाषा की लहरें जिन पर तुम चलते थे
सहज भाव से कह सकता हूँ कविता लिखना
रस्सी बटना है किसान की तीन पलों में
रस्सी में हैं सन के विरल तन्तु लय -सम्वेदन के
उलझे-सुलझे, बैठे-ठाढ़े जगा रहे हो, सिखा रहे हो
करती है सच्ची कविता ही दुख का मोचन
लोचन उघाड़ने वाले हो, बस, तुम्ही त्रिलोचन ।
भारतेन्दु मिश्र
About the poet

भारतेन्दु मिश्र

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like