लाठी ही उसका भगवान है - भारतेन्दु मिश्र

भारतेन्दु मिश्रभारतेन्दु मिश्र5 Sept 1959

3 min read · 12.4K reads

कौन इधर आता है
कौन उधर जाता है
अंधी आँखों का अनुमान है
लाठी ही उसका भगवान है।
पथरीले मोड़ों पर
घुटनों में जोड़ों पर
टीस सी उभरती है
पारबती मरती है
बाप था शराबी आदमी कबाबी
पारो भी एक बेजुबान है।
एक मलिन आँचल है
गिद्धों का बादल है
जूतों में कीलें हैं
रास्ते नुकीले हैं
बर्फ़-सी पिघलती
और सिर्फ चलती
ओठों पर अड़ियल मुस्कान है।
जो न गिड़गिड़ाती है
रोटियाँ कमाती है
मौत से न डरती है
रोज युद्ध करती है
सदी ठहर जाये
नदी ठहर जाये
पारा सा चलता इंसान है।
भारतेन्दु मिश्र
About the poet

भारतेन्दु मिश्र

View profile & all 38 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like