कौन-सा पथ है?
मार्ग में आकुल-अधीरातुर बटोही यों पुकारा :
‘कौन-सा पर्थ है?’
‘महाजन जिस ओर जाएँ'—शास्त्र हुंकारा
‘अंतरात्मा ले चले जिस ओर’—बोला न्याय-पंडित
‘साथ आओ सर्व-साधारण जनों के’—क्रांति-वाणी।
पर महाजन-मार्ग-गमनोचित न संबल है, न रथ है,
अंतरात्मा अनिश्चय-संशय-ग्रसित,
क्रांति-गति-अनुसरण-योग्या है न पद-सामर्थ्य।
कौन-सा पथ है?
मार्ग में आकुल-अधीरातुर बटोही यों पुकारा :
‘कौन-सा पथ है?’








