चोटी पर खड़े आदमी को देखो ! - भारत यायावर

भारत यायावरभारत यायावर29 Sept 1954

4 min read · 12.4K reads

चोटी पर खड़े आदमी में
हमें पहले देखना चाहिए
कि वह किस तरह चोटी पर पहुँचा
किसलिए पहुँचा
और पहुँच कर क्या कर रहा है ?

चोटी पर पहुँच कर आदमी प्राय: अकेला हो जाता है
वहाँ दुकेला होने की जगह भी नहीं होती
इस अकेलेपन से क्या उदास हो जाता है चोटी का आदमी !

चोटी के आदमी की पीर को
कोई जान भी नहीं पाता
और वह छुपाता रहता है अपने ज़ख़्म

चोट खाकर भी पहुँचता है
चोटी पर आदमी
बस, उसकी शक़्ल थोड़ी बदल जाती है
उसकी आवाज़ कहीं दूर से चल कर आती है

चोटी
एक ऐसी जगह है
जहाँ जाने की ज़रूरत नहीं
फिर भी कुछ चतुर लोग
किसी को चोटी पर बिठाकर
अपनी राजनीति चमकाते हैं
कुछ धन्धेबाज़ों का धन्धा चल निकलता है
कुछ भजन-मण्डलियाँ मृदंग और झाल बजाकर माल कमाती हैं !
भारत यायावर
About the poet

भारत यायावर

View profile & all 49 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like