प्रतिरोध अमर है - भरत प्रसाद

भरत प्रसादभरत प्रसाद

13 min read · 12.5K reads

जब फुफकारती हुई मायावी सत्ता का आतंक
ज़हर के मानिन्द हमारी शिराओं में बहने लगे
जब झूठ की ताकत सच के नामोनिशान मिटाकर
हमारी आत्मा पर घटाटोप की तरह छा जाए
जब हमारी ज़ुबान फ़िज़ाओं में उड़ती दहशत की सनसनी से
गूंगी हो जाए
जब हमारा मस्तक सैकड़ों दिशाओं में मौज़ूद तानाशाही की माया से
झुकते ही चले जाने का रोगी हो जाए
तो प्रतिरोध अनिवार्य है
 
अनिवार्य है वह आग जिसे इन्कार कहते हैं
बेवशी वह ज़ंजीर है जो हमें मुर्दा बना देती है
विक्षिप्त कर देती है वह पराजय
जो दिन रात चमड़ी के नीचे धिक्कार बनकर टीसती है

गुलामी का अर्थ
अपने वजूद की गिरवी रखना भर नहीं है
न ही अपनी आत्मा को बेमौत मार डालना है
बल्कि उसका अर्थ
अपनी कल्पना को अन्धी बना देना भी है
अपने इन्सान होने का मान यदि रखना है
तो आँखें मूँद कर कभी भी पीछे-पीछे मत चलना
हाँ-हाँ की आदत अर्थहीन कर देती है हमें
जी- जी कहते कहते एक दिन नपुंसक हो जाते हैं हम
तनकर खड़ा न होने की कायरता
एक दिन हमें ज़मीन पर रेंगने वाला कीड़ा बना देती है

ज़रा देखो ! कहीं अवसरवादी घुटनों में घुन तो नहीं लग गए हैं
पंजों की हड्डियाँ कहीं खोखली तो नहीं हो गई हैं
हर वक़्त झुके रहने से
रीढ़ की हड्डी गलने तो नहीं लगी है
पसलियाँ चलते-फिरते ढाँचे में तब्दील तो नहीं होने लगी हैं

ज़रा सोचो !
दोनों आँखें कहीं अपनी जगह से पलायन तो नहीं करने लगी हैं
अपमान की चोट सहकर जीने का दर्द
पूछना उस आदमी से
जो अपराध तो क्या अन्याय तो क्या
सूई की नोंक के बराबर भी झूठ बोलते समय
जिसका रोवाँ-रोवाँ काँपता है

याद रखना
आज भी जालसाज की प्रभुसत्ता
सच्चाई के सीने पर चढ़कर उसकी गर्दन तोड़ते हुए
ख़ूनी विजय का नृत्य करती है
आज भी ऐय्याश षड्यन्त्र के गलियारे में
काटकर फेंक दी गई ईमानदारी की आत्मा
मरने से पहले सौ-सौ आँसू रोती है
अपनी भूख मिटाने के लिए
न्याय को बेच-बाचकर खा जाने वाले व्यापारी
फ़ैसले की कुर्सी पर पूजे जाते हैं आज भी

आज का आदमी
उन्नति के बरगद पर क्यों उल्टा नज़र आता है
आज दहकते हुए वर्तमान के सामने
उसका साहसिक सीना नहीं
सिकुड़ी हुई पीठ नज़र आती है
आज हम सबने अपनी-अपनी सुरक्षित बिल ढूँढ ली है
ज़माने की हक़ीक़त से भागकर छिपने के लिए

इससे पहले कि तुम्हारे जीवन में
चौबीस घण्टे की रात होने लगे
रोक दो मौज़ूदा समय का तानाशाह पहिया
मोड़ दो वह अन्धी राह
जो तुम्हें गुमनामी के पाग़लखाने के सिवाय
और कहीं नहीं ले जाती
  
फिज़ा में खींच दो न बन्धु !
इन्कार की लकीर
आज तनिक लहरा दो न !
ना कहने वाला मस्तक
बर्फ़ की तरह निर्जीव रहकर
सब कुछ चुपचाप सह जाने का वक़्त नहीं है यह
भरत प्रसाद
About the poet

भरत प्रसाद

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like