मेरी माटी ! तुझे पाऊँ - भरत प्रसाद

भरत प्रसादभरत प्रसाद

9 min read · 12.4K reads

तुम्हारे इतने पास रहकर
और पास आने की अकथ बेचैनी के बावजूद
कितना दूर रह जाता हूँ तुमसे ?
बचपन से आज तक तुम्हारे सिवा
किससे इतना नाता रहा ?

परन्तु कैसे झूठ बोलूँ कि
मैं सिर्फ तुम्हारे लिए जीता हूँ ।
तुम्हें इतना ज़्यादा जानने-पहचानने के बावजूद
अभी कहाँ समझ पाया हूँ ?

तुम्हें चाहने को लेकर भी अपनी आँखों पर यक़ीन नहीं होता,
तुम हमारी माँ जैसी माँओं की माँ हो, मिट्टी !
परन्तु तुम्हें उतनी ज़्यादा माँ कहाँ मान पाया हूँ ?

अन्न के गर्व से फ़सलों के झुक जाने का रहस्य तुम्हीं तो हो,
गमकते हुए फूलों में प्रतिदिन हज़ारों रंग कौन भरता है ?
करोड़ों सालों से कौन दे रहा है,
धरती को अनमोल हरियाली की सौगात ?

पेड़-पौधे तुम्हारे लाख-लाख कृतज्ञ हैं,
अपने वजूद के लिए,
हे प्राणदायिनी ! तुमने इतनी ममता कहाँ से पाई है ?

तुम्हारे भीतर छिपा है जड़-चेतना के उत्थान-पतन का इतिहास
तुम्हारे मौन में क़ैद है मानव-सृष्टि की महागाथा
तुम हो, तो पृथ्वी लाख कठिनाइयों के बावजूद,
लाखों वर्षों से अपने कोने-कोने में ज़िन्दा है ।

बदरंग, बेस्वाद, बेजुबान
माटी ! देखने में तुम कितनी मामूली
पर जीवन के लिए कितनी अनिवार्य
तुम्हें देखकर बार-बार भ्रम होता है
कि छोटा होना क्या वाकई छोटा होना है ?
नीचे रहने का अर्थ क्या सचमुच नीचे रहना है ?

तुम्हारा न हो पाने की विकट पीड़ा में
बेहतर छटपटाता रहता है हृदय
तुम्हारे बग़ैर निरर्थक होते जाने की तड़प
मैं किससे कहूँ ?

जीवन बीतते जाने का मुझे उतना ग़म नहीं
जितना कि अपनी स्वार्थपरता वश
तुम्हें हर पल खोते जाने का है ।
कूड़ा-करकट से भरा हुआ शरीर
एक न एक दिन तुम्हीं में विलीन हो जाएगा—
पता है मुझे

किन्तु तुम्हारे आगे कभी
निःशेष कृतज्ञता के साथ नतमस्तक नहीं हो पाया
रात-दिन यही शिकायत रहती है ख़ुद से ।

(अक्टूबर-2010)
भरत प्रसाद
About the poet

भरत प्रसाद

View profile & all 19 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

उसने मिट्टी को छुआ भर था - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीदर्द औरों का हम - प्रताप सोमवंशीपसोपेश में हूँकि कविता चिह्नों में होती है— प्रताप सोमवंशीअलमारी से ख़त उस के पुराने निकल आएअलमारी से ख़त उस के पुराने निकल आएफिर से मिरे चेहरे पे ये दाने निकल आए— मुनव्वर रानाभुला पाना बहुत मुश्किल है सब कुछ याद रहता हैभुला पाना बहुत मुश्किल है सब कुछ याद रहता हैमोहब्बत करने वाला इस लिए बरबाद रहता है— मुनव्वर रानानानी का चश्माआसमान में टिम टिमाती नानी हँसती होंगी हमारे बचपने पर।हाँ!— फ़रीद ख़ाँगुल्लकमिट्टी का हैहाथ से छूटा नहीं, कि टूटा— हरीशचंद्र पांडे