फिर फिर बदल दिये कैलेण्डर - भारत भूषण

भारत भूषणभारत भूषण8 Sept 1929 – 17 Sept 2011

3 min read · 12.4K reads

फिर फिर
बदल दिये कैलेण्डर
तिथियों के संग संग प्राणों में
लगा रेंगने
अजगर सा डर
सिमट रही साँसों की गिनती
सुइयों का क्रम जीत रहा है!

पढ़कर
कामायनी बहुत दिन
मन वैराग्य शतक तक आया
उतने पंख थके जितनी भी
दूर दूर नभ
में उड़ आया
अब ये जाने राम कि कैसा
अच्छा बुरा अतीत रहा है!

संस्मरण
हो गई जिन्दगी
कथा कहानी सी घटनाएँ
कुछ मनबीती कहनी हो तो
अब किसको
आवाज लगाएँ
कहने सुनने सहने दहने
को केवल बस गीत रहा है!
भारत भूषण
About the poet

भारत भूषण

View profile & all 22 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like