प्याज की एक गाँठ - भगवत रावत

भगवत रावतभगवत रावत13 Sept 1939

4 min read · 12.4K reads

चार रुपए किलो प्याज
आवाज लगाई
बशीर भाई ने
मैं चौंका
वे हँस कर बोले
ले जाइए साहब
हफ्ते भर बाद
यही भाव याद आएगा
अल्लाह जाने
यह सिलसिला
कहाँ तक जाएगा
जेब में हाथ डालते हुए
मैंने कहा
आधा किलो
सुन कर बशीर भाई कुछ बोले नहीं
और एक की जगह
आधा किलो तौलते हुए मेरे लिए
ऐसा लगा
जैसे कुछ मुश्किल में पड़ गए
उनकी तराजू का
भारी वाला पलड़ा
हमेशा की तुलना में
आज कुछ कम नीचे झुका
प्याज की एक गाँठ
और उतारें या न उतारें
इस सोच में
उनका हाथ
ग्राहक से रिश्ता तय करता था
एक क्षण को
हवा में रुका
और आखिरकार
बशीर भाई जीत गए
मैं रास्ते भर
झोले में डाली
प्याज की उस एक गाँठ को
आँखों में लिए-लिए
घर लौटा।
भगवत रावत
About the poet

भगवत रावत

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like