मैं क्या कर सकता था
उस वक़्त
उसकी आँखों का
जब वह आया
और अपनी आँखें
मेरे कमरे में
अख़बार की तरह फेंककर
चला गया चुपचाप
उस वक़्त ही क्या
मैं कभी भी
क्या कर सकता था
उसकी आँखों का
सिवा इसके कि उन्हें
फड़फड़ाते कलैंडर पर टाँगकर
उस वक़्त की उस तारीख़ वाले
पन्ने को दबा देता
मुझे एक भाषा चाहिए
उसके लिए
नहीं-नहीं
उसकी आँखों के लिए
जो उसकी आँख को आँख कहे
और जिसका अर्थ
सिर्फ़ आँख हो।








