समकालीन कला केंद्रित संगोष्ठी का आधार वक्तव्य

बसंत त्रिपाठीबसंत त्रिपाठी25 Sept 1972

1 min read · 12.4K reads

यह समय

कूड़ों के हवा में घुलने का

नालियों के दिमाग़ में खुलने का

महासमय है

अनसुलझे सारे प्रश्न

अपनी चप्पलों के साथ

धुँधली आभा में गुम हो चुके हैं

सीमित सफलताएँ

उन्मादी नृत्य करते हुए

अपना वज़न तौल रही हैं

उन्हें वह सब कुछ मिल गया है

जिसका वायदा फुसफुसाते हुए किया गया था

जो एड़ी के हल्के दर्द के इलाज के लिए

अस्पताल में दाख़िल हुआ था

एक किडनी के साथ

धक्के मार कर निकाल दिया गया है

भुने चने खाकर

जैसे तैसे ज़िंदा लोग खदेड़ दिए गए हैं

विकास के राज़पथ से

बदलाव इतना निकट का विचार कि

लोग मुखौटों से बदलने लगे हैं अपना चेहरा वह कसैला धुआँ छोड़ता कवि

जो मेहतर चाहता था हतप्रभ है कि झाड़ू चुनाव-चिह्न है

और प्रधानमंत्री तक जुट गया है सफ़ाई में

पर दिक़्क़त यह कि कुछ भी साफ़ नहीं हो रहा

बुहारकर जितना भी इकट्ठा किया गया था कूड़ा

उसे दिमाग़ में ठूँस दिए जाने का विचार

संसद में लंबित है इन दिनों

और कलाएँ हैं कि

दर्शक-दीर्घा में बैठ

मुफ़ीद समय का इंतज़ार कर रही हैं।

बसंत त्रिपाठी
About the poet

बसंत त्रिपाठी

View profile & all 56 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like