चीज़ें अपनी गति से
लगातार गिरती रहती हैं
पीला पत्ता लहराकर चक्करदार गिरता है
पत्थर सीधी रेखा में
झट से
जंगल में काटा गया पेड़ ऐसे गिरता है
जैसे छापामार युद्ध का सैनिक कोई
मुख्यमंत्री के चरित्र के गिरने का ग्राफ प्रधानमंत्री जैसा नहीं होता
न उनके सचिव एक जैसे गिरते हैं
और मंत्रियों का तो कहना ही क्या
उनका चेहरा क़दमों पर इतना गिरा होता कि मंत्रीत्व-काल में
कभी ठीक से दिखाई नहीं पड़ता पूरा
विपक्ष को तो पूरे पाँच साल
इसका अफ़सोस रहता है कि हाय! मैं वैसा क्यों न गिर सका?
कॉरपोरेट घरानों के मालिक की निष्ठा दलाल की तरह गिरती है
पुरानी इमारतों को बिल्डर ऐसे गिराता है जैसे पहलवान अपने प्रतिद्वंद्वी को
शेयर बाज़ार तो धड़ाम से गिरता है
जब अमेरीकी पूँजीवाद अपनी आँखें तरेरता है
उसके ठीक अगले दिन
वित्तमंत्री का बयान मय चेहरे के
अख़बारों के मुखपृष्ठ पर गिरता है
देशभक्त आजकल देश से गिरकर
भक्त पर अटके हुए हैं
और बाबाओं की तो अब रहने दें
वे जब-तब धर्म की गंधाती व्यापारिक नाली में
गिरते ही रहते हैं
अब तो क्रांतिकारिता भी फ़ेसबुक पर लाइक की आस में
हर सुबह गिर पड़ती है
गिरने का कारोबार उठान पर है
अब जो जितना गिरता है उसकी आभा उतनी ही निखरती है।








