पत्थरों का शहर

बलराम शुक्लबलराम शुक्ल

1 min read · 12.4K reads

 

एक

जिन शहरों में तुम्हारी बनाई
ऊँची अटारियों की पाँतें चकाचौंध कर रही हैं
वहीं कुछ दिन रुक पाने के लिए
एक कोना भी नसीब नहीं है तुम्हें
जिन लोगों के कोठार
तुम्हारे ही उपजाए अनाजों से भरे हुए हैं
उन्हीं से अन्न की एक पसेरी भी नहीं निकल पा रही है
तुम्हारे अभागे बच्चों के लिए भी।

दो

जिन शहरी लोगों को उठाने में
तुमने अपना शरीर ही गिरवी रख दिया था
अब तुम्हें उबारने के लिए
उनके हाथ में ज़रा भी जुम्बिश नहीं
जिनकी ज़िंदगी को स्वर्ग जैसा बनाने के लिए
तुमने रौरव जैसे नरक सहे थे
अब उन्हीं की घातक घृणा दृष्टि भी सह रहे हो तुम।

तीन

तुम शहर में क्या फँसे
देखते-देखते गाँव भी तुम्हारे हाथों से छूट गया
दुर्भाग्य के मारे तुम अपनी डोंगी छोड़कर
दूसरों के छेदों से भरे जहाज़ पर बैठ गए
जिस नगर में सुखी जीवन की खोज में आए थे तुम
विडंबना है कि वहाँ तुम्हें इज़्ज़त की मौत भी नसीब नहीं।

चार 

यहाँ तुम्हारे सरल-तरल बंधु नहीं
यहाँ तो हृदयहीन निठुर मालिक लोग विराजते हैं
यहाँ कोई दया से भर कर तुम्हारा पालन नहीं करेगा
तुम तो यहाँ सस्ते मजूर हो
दुर्भाग्य तुम्हें दूर ले आया 
मृगतृष्णा ने तुम्हारी मति हर ली
ठीक से जान लो
संवेदनाओं से भरा गाँव नहीं है, 
ईंट पत्थरों से भरा शहर है यह। 

पाँच

बहुत पहले जिसे छोड़ दिया था
वह गाँव अब तुम्हारी पहुँच से और भी दूर हो गया
सारी उमर जिसकी सेवा की
वह अहितकर शहर ही पत्थर हो गया
कमनज़र भ्रष्ट नेताओं से भरे
इस हतबल देश में तुम्हारा क्या भविष्य है?
टूटे सपने वाले तुम लोगों के लिए, हाय
सारे संसार में कहीं कोई सहारा नहीं।

बलराम शुक्ल
About the poet

बलराम शुक्ल

नई पीढ़ी से संबद्ध कवि-लेखक और अनुवादक। संस्कृत और फ़ारसी साहित्य के अप्रतिम अध्येता। यहाँ प्रस्तुत कविताएँ संस्कृत से स्वयं कवि द्वारा अनूदित।

View profile & all 11 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like

मुनव्वर राना के शेरअब जुदाई के सफ़र को मिरे आसान करोतुम मुझे ख़्वाब में आ कर न परेशान करो— मुनव्वर रानाहाँ इजाज़त है अगर कोई कहानी और हैहाँ इजाज़त है अगर कोई कहानी और हैइन कटोरों में अभी थोड़ा सा पानी और है— मुनव्वर रानाजबकि भारत उन्हीं का हैकहाँ है उनका ठिकाना? त्रिपुरा, असम, बंगाल,संताल परगना, दक्षिण भारत, मेघालय में— बीरेंद्र चट्टोपाध्यायभूमिहीनभूख के शिकार पर निकले ये शिकारीएकदम मुकम्मल आदमी हैं— हुकुम ठाकुरतालीएक ताली हमारी नाकामी के लिए।माफ़ कीजिए, एक ताली हमारी नाकामी को ढँकने के लिए।— फ़रीद ख़ाँकुछ नहीं चाहने वाली लड़कीसोलह की यह लड़की दो-तीन साल पहले तकपेड़-पौधों पर रखती थी पाँव— ऐश्वर्य राज