प्लेटफ़ॉर्म नंबर आठ

बजरंग बिश्नोईबजरंग बिश्नोई

2 min read · 12.4K reads

वह उतर गया है

प्लेटफ़ॉर्म नंबर आठ पर

बाहर बारिश हो रही है

स्लेटी कोहरे की उदास रोशनी है

प्लेटफ़ॉर्म की टीन की छत की

टपटप की आवाज़ ने

सारी आवाजों को सुला दिया है

रेलगाड़ी बिल्कुल ख़ाली हो चुकी है

कहाँ गए सारे उतरने वाले

वे सब या तो जल्दी से

बिलों में समा गए हैं

या सिर्फ़ वही पूरी गाड़ी में अकेला

बैठकर आया है

प्लेटफ़ॉर्म पर साँवला सन्नाटा है

इक्का-दुक्का भी कहीं कुछ

चलता-फिरता या ठहरा नहीं दिखता है

प्लेटफ़ॉर्म भीगा-भीगा-सा है

जैसे रोते-रोते साँस लेने को रुका हो

वह अकेला खड़ा है

अपना कैनवास का बैग लिए

रेलगाड़ी उल्टी चली

उसने लपक कर उसका वह डिब्बा

जिसमें बैठकर वह आया था

अपनी हथेली में दबोचा

और अपने कैनवास बैग में घुसेड़ दिया

उल्टी रेलगाड़ी धीमे धीमे गई

आठ नंबर के अंत में दाईं ओर

खींचकर बनाई गई एक्सटेंशन

डेड लूप लाइन पर

और रेलगाड़ी के डिब्बों को छोड़कर

इंजन कहीं चला गया

बिना इंजन की गाड़ी को भींजने के लिए

पानी बरस रहा है बादल नहीं हैं

स्लेटी कोहरे से बरस रहा होगा

उसके पीछे

सूरज-सितारे सब भागा-दौड़ी में लगे हैं

पानी बरसता छोड़कर

बादल कहाँ चले गए

रेलगाड़ी बारिश में भीग रही है

उसकी छत से बहती बूँदें

दीवारों-खिड़कियों से होती हुईं

तेज़ी से ढरक रही हैं

एक के पीछे एक

सीधी धार वाली बारिश

सिर्फ़ सिर और छत पर उतरती है

वह अपना सिर और माथा पोंछता है

कंधे पोंछता है

रेलगाड़ी जितना भीग रही है बारिश में

वह सारा पानी

उसके सिर, माथे और कंधों से बह रहा है

वह झुक कर देखता है

छूता है केनवास बैग में रखा

रेल का डिब्बा

ग़नीमत है

वह अभी सूखा है

जैसे माथे से बूँदें पोंछते हुए

वह सूखा ही है

बाक़ी पूरी रेलगाड़ी बारिश मे भीग रही है

धीरे-धीरे नीले रंग वाली रेलगाड़ी

अब बारिश के रंग में बदलती जा रही है

जैसे हक़ीक़तें साइड लाइन होने पर

धुँधली यादों में बदल जाती हैं

बारिश में भीगती हुई रेलगाड़ी का रंग

धुँधला हो गया है

वह अब भी प्लेटफ़ॉर्म पर खड़ा है

उसे याद नहीं आ रहा

उसे कहाँ जाना था

या वह रेलगाड़ी को भीगते देखते रहने को

यों ही उतर गया है प्लेटफ़ॉर्म पर बेमतलब

बजरंग बिश्नोई
About the poet

बजरंग बिश्नोई

विलक्षण, किंतु अलक्षित कवि। ‘हरारत में तीसरी नदी’ प्रमुख कविता-संग्रह जन्म : 01/07/1944 | जालौन, उत्तर प्रदेश शिक्षा : एम. ए., कार्यक्षेत्र : उच्च शिक्षा योजना एवं प्रबंधन एवं हस्तनिर्मित काग़ज़ में शोध एवं विकास। रुचि-क्षेत्र : पेंटिंग एवं लेखन (कविता, कहानी…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like