कलकत्ता में प्रेम

बजरंग बिश्नोईबजरंग बिश्नोई

1 min read · 12.4K reads

अगर कोई कविता लिख रहा है

और कविता प्रेम पर

केंद्रित होती जा रही है

तो उसमें से आदमी को हटा दो

आदमी को नहीं हटा पा रहे हो

तो औरत को हटा दो

अगर दोनों को नहीं हटा पाते हो

तो प्रेम को हटा दो

कविता की ट्राम कलकत्ते में चलती है

कविता लिखना

ऐसा काम नहीं है जैसे

झरने को गिरते देखकर

फ़ोटो उतार लेना

फ़ोटो में झरना फ़्रीज़ हो जाता है

लेकिन अस्ल झरना बहता रहता है

कविता में

आदमी भी

औरत भी

और अस्ल में चल रहा प्रेम भी

फ़्रीज़ हो जाता है

कविता में प्रेम लिखने वाला

प्यार का दुश्मन

इंतिख़ाब आलम हो जाता है

मुझे इंतिख़ाब आलम नहीं बनना है

प्रेम बालू की तरह

कविता की मुट्ठी में नहीं रुकता है

प्रेम अपनी पटरी पर चलता है

ट्राम की तरह

रेल की तरह नहीं

वह ठहरकर इंतिज़ार कर सकता है

ट्राम की पटरियों पर

तीन ईंटें रखकर

दो पतली लकड़ियाँ जलाकर

छोटे से एल्युमिनियम के बर्तन में

खिचड़ी पकाती फटी धोती पहने

उस औरत के पटरी से

चूल्हा सरकाकर हटाने तक

गाँठ बाँधकर रखी है

कि कहीं कविता से

ज़ख़्मी न हो जाए

कोई प्रेम

कहीं दफ़्न न हो जाए

कविता के साथ प्रेम

कलकत्ता में ही

बजरंग बिश्नोई
About the poet

बजरंग बिश्नोई

विलक्षण, किंतु अलक्षित कवि। ‘हरारत में तीसरी नदी’ प्रमुख कविता-संग्रह जन्म : 01/07/1944 | जालौन, उत्तर प्रदेश शिक्षा : एम. ए., कार्यक्षेत्र : उच्च शिक्षा योजना एवं प्रबंधन एवं हस्तनिर्मित काग़ज़ में शोध एवं विकास। रुचि-क्षेत्र : पेंटिंग एवं लेखन (कविता, कहानी…

View profile & all 10 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like