यह कि तारों ने झिलमिलाने में
कोई कमी नहीं रखी
चाँद भी चमक रहा है पूरी कोशिश से
यह कि उधार की रोशनी
कब तक निभेगी
पानी में आग के भी
कुछ मायने होते हैं
मेरे भीतर की आग
पारे से ऊपर चली गई है
पत्थर पर लिखी इबारत भी
एक दिन पिघलकर बहेगी
मेरी आँखों से
यह कि क्या तब भी
नहीं पिघलेगा
तुम्हारे भीतर का लोहा।








