कवि कुल परंपरा

बद्री नारायणबद्री नारायण5 Oct 1965

1 min read · 12.4K reads

आकाश में मेरा एक नायक है

राहु

गगन दक्षिणावर्त में जग−जग करता

धीर मंदराचल-सा

सिंधा, तुरही बजा जयघोष करता

चंद्रमा द्वारा अपने विरुद्ध किए गए षड़यंत्रों को

मन में धरे

मुंजवत पर्वत पर आक्रमण करता

एक ग्रहण के बीतने पर दूसरे ग्रहण के आने की करता तैयारी

वक्षस्थल पर सुवर्णालंकार, जिसके कांचन के शिरस्त्राण

ब्रज के ख़िलाफ़ एक अजस्त्र शिलाखंड

भुजाओं में उठाए

अनंत देवनक्षत्रों का अकेला आक्रमण झेलता

अतल समुद्र की तरह गहरा

और वन-वितान की तरह फैला हुआ

तासा डंका बजाता

और कत्ता लहराता हुआ।

ऋग्वेद के किसी भी मंडल के अगर किसी भी कवि ने

उस पर लिखा होता एक भी छंद तो मुझे

कवि कुल परंपरा पर गर्व होता।

बद्री नारायण
About the poet

बद्री नारायण

सुपरिचित कवि-विचारक। साहित्य अकादेमी पुरस्कार से सम्मानित। मूल नाम : बद्री नारायण जन्म : 05/10/1965

View profile & all 39 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like