जब उम्र शाम-सी ढले
देह मशाल-सी जले।
किसी को रौशनी देकर
मरूँ मैं दीप के तले।
राख छोड़कर जाऊँ
कुपोषित पौध के तले।
साँस छोड़ता जाऊँ
किसी नवजात के गले।
मेरी हड्डियों की थूनी पर
सबकी तुरई फले।
बने खोपड़ी डेगची
ग़रीब की दाल भी गले।
बची पसलियाँ मेरी
उनके कल्छुल में ढले।
सबको मिले कुछ न कुछ
कोई हाथ न मले।








