हे मानव! तुम सभ्य हो गए?

बच्चा लाल 'उन्मेष'बच्चा लाल 'उन्मेष'

1 min read · 12.4K reads

पहन पोशाक तुम सभ्य हो गए

मैं कुतरे बाल भेड़-सी नंगी,

अन्न उपजाऊँ ख़ुद की छाती

पर कृषक-सी रही भिखमंगी।

हे मानव!

तुम सभ्य हो गए?

उपवन सारे तहस-नहस कर

तुम हुए कथित बजरंगी,

मैं बोधिवृक्ष-सा शीतल शांत

तुम जस जहाज़ एक जंगी।

हे मानव!

तुम सभ्य हो गए?

रक्षक सारे नक्सल घोषित

सरकारें बनीं फिरंगी

केक समझ कर खा रहे मुझको

पूँजीपतियों के संगी।

हे मानव!

तुम सभ्य हो गए?

वृक्ष ही मेरे केश हरिले

करती हवाएँ हैं कंघी,

मेरी नसें नदियाँ हैं सारी

जिन पर डाल आए पगडंडी।

हे मानव!

तुम सभ्य हो गए?

कब तक बजूँ तार टूट रहे

कब तक दिखूँ मैं चंगी,

जिन हाथों ने रेती थामी

बनी उन्हीं हाथों की सारंगी।

हे मानव!

तुम सभ्य हो गए?

बच्चा लाल 'उन्मेष'
About the poet

बच्चा लाल 'उन्मेष'

सुपरिचित कवि। 'कौन जात हो भाई', 'छिछले प्रश्न गहरे उत्तर' और 'बहार के पतझड़' शीर्षक से तीन कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 35 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like