आहत भावनाएँ

बच्चा लाल 'उन्मेष'बच्चा लाल 'उन्मेष'

1 min read · 12.4K reads

आओ!

तुम्हारी कमज़ोर होती भावना को

दूध पिलाएँ

हमने बचाकर रखे हैं दूध

किसी पत्थर की मूरत की नज़र से

तुम्हारे ख़ातिर

उस भावना के ख़ातिर

जो 'नाले' और 'गले' में

अंतर नहीं कर पाती।

आओ!

तुम्हारी आहत भावना को

राहत दें!

इस दर्शन के साथ

कि ये सब भ्रम है

इस भ्रम से निकलो

नहीं तो ये आहत भावनाएँ

कैंसर का रूप धारण कर लेंगी

और तुम्हें पता है

कि कैंसर का कोई इलाज नहीं।

आओ!

तुम्हारी भावना को

कुछ शिक्षित करें!

कि कुछ चालाक लोग

तुम्हारी भावना की गेंद बनाकर

खेल रहे हैं

तुम उनके हाथों से

कहीं और न छटको

इस लिए थूक लगाकर फेंके जा रहे हो

कभी चौके तो कभी छक्के लग रहे हो

पता है...?

वे छक्के लगाने वाले कौन हैं?

वही जो छक के तुम्हें खा रहे हैं...।

बच्चा लाल 'उन्मेष'
About the poet

बच्चा लाल 'उन्मेष'

सुपरिचित कवि। 'कौन जात हो भाई', 'छिछले प्रश्न गहरे उत्तर' और 'बहार के पतझड़' शीर्षक से तीन कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 35 Poems / Stories