मुझे अपनी नदी को कुछ जवाब देने हैं

बाबुषा कोहलीबाबुषा कोहली6 Sept 1979

2 min read · 12.4K reads

जिन तितलियों को मैंने आँखों से छू कर छोड़ दिया

वे फूल-फूल बैठ कर

लौट आईं मेरी कविताओं में महफ़ूज़ रहने

जिस प्रेम को छोड़ दिया मैंने एक कोमल धड़क से अस्त-व्यस्त कर

वह छूटते ही उड़ गया परिंदा बन

आकाश छू लेने

मेरे केश की कामना ने बाँध लिया है छूटा हुआ एक पंख उस फीते से

जो चंद्रमा के दो उजले रेशों से बना है

आकाश के आँगन में संपन्न होने वाली उड़ानें

धरती पर किसी लड़की की चोटी से बँधी हैं

लड़की की 'उँहू!' पर हिलती हुई चोटी से जूझती है रात

कोई जान नहीं पाता कि रात क्यों इस तरह लहकती है

अपने केश में उलझे इस पंख को एक दिन मैं नदी में सिरा दूँगी

नदी उसे तट के हवाले करेगी

तट पर खेलती मल्लाह की नन्ही बेटी उसे अपनी स्कूल की कविता वाली किताब में रखेगी

किताब में बंद अधमरी चिड़िया उसे सहलाएगी

नन्ही जान नहीं पाती

कि किताबों के पन्ने वायु की मति से नहीं फड़फड़ाते

पन्नों में हलचल दरअसल छूटे हुए पंख की फड़फड़ाहट है

संभव है कि नदी और उसका तट

मल्लाह की बेटी और उसकी किताब

चिड़िया और पन्नों की हलचल

एकदम कोरी गप्प निकले

और सचमुच! ऐसा होने में बहुत परेशानी नहीं है

कि गप्प कई बार जीवन की इस तरह से देखभाल करती है

जैसे तो कभी-कभी कविता भी नहीं कर पाती

कविता आख़िर करती ही क्या है?

वह तो महज़ तितलियों की सँभाल में ख़र्च कर देती है अपना सारा कौशल

वह नहीं तोड़ती फूलों का भरोसा

वह रचती है रंग इंद्रधनुष को उधार देने

वह बताती है दुनिया को कि ये आवारा चाँद किसके आसरे पे लटका है

वह सुनाती है नदी के तट पर मल्लाह की बेटी को किसी परिंदे की कथा

उधर एक परिंदा उड़ता ही जाता है आजीवन

इंद्रधनुष का स्वप्न लिए आँखों में

बादलों की टहनियों पर बैठता है

भीगता है

चोंच में दबाता है नमी के कुछ कण

फिर उड़ता है

इंद्रधनुष के पीले आँचल में अटकता है

छूटता है भटकता है

इधर मल्लाह की वह नन्ही बेटी किताब से निकालती है पंख

मेरी कविता में डुबो देती है

मैं तितलियों को शुक्रिया कह आगे निकल जाती हूँ

कोई लुभावनी-सी गप्प ढूँढ़ने

मुझे अपनी नदी को कुछ जवाब देने हैं

बाबुषा कोहली
About the poet

बाबुषा कोहली

View profile & all 42 Poems / Stories

More from बाबुषा कोहली

  1. प्रेम गिलहरी दिल अखरोट - बाबुषा कोहली

    श्याम सों होरी खेलन आई।रंग गुलाल की झोरि लिये सब नवला सज-सज आई।

    12.5K reads
  2. स्किट्ज़ोफ़्रेनिया, मुक्ति की नदी और खो-खो - बाबुषा कोहली

    (अलमित्रा ने कहा -- हमसे प्रेम के विषय में कुछ कहो। मसीहा ने सिर उठाया और सब पर शान्ति बरस पड़ी। उसने कहा -- प्रेम का संकेत मिलते ही उसके अनुगामी बन जाओ हालाँकि उसके रास्ते कठिन और दुर्गम हैं।और जब उसकी बाँहें तुम्हें घेर लें, समर्पण कर दो, हालाँकि उसके पंखों में छिपी तलवारें तुम्हें लहूलुहान कर सकते हैं, फिर भी। और जब वह शब्दों में प्रकट हो, उसमें विश्वास रखो । -- खलील जिब्रान)

    12.5K reads
  3. रेहाना के लिए - बाबुषा कोहली

    (मुझे पता है कि अभी ख़ूबसूरती की क़द्र नहीं है। चेहरे की ख़ूबसूरती, विचारों और आरज़ुओं की ख़ूबसूरती, खूबसूरत लिखावट, आँखों और नज़रिए की ख़ूबसूरती, यहाँ तक कि मीठी आवाज़ की ख़ूबसूरती. -- रेहाना जब्बारी)एक पत्ते की हरी रंगत काँपती है उम्र-भर

    12.5K reads
  4. सुकरात को याद करते हुए - बाबुषा कोहली

    जिस दिनवो दुनियावी ऐनक

    12.5K reads
  5. वहाँ चार आदमी थे - बाबुषा कोहली

    वहाँ चार आदमी थेपहला — शब्दों से भरा हुआ था

    12.5K reads

More Poetry & Stories You May Like