आभास

बाबुषा कोहलीबाबुषा कोहली6 Sept 1979

2 min read · 12.4K reads

 

कवि का एकांतवास

कविता कुतरती है मेरे रेशमी एकांत को
किसी चंचल चूहे की तरह
मैंने कपड़े को पानी में बदलने का हुनर सीखा
तो चूहों ने झटपट मछली का रूप धर लिया
मैंने पानी को आकाश बनाने की विधि खोजी
तो मछलियों ने पंछियों में बदल जाने का जादू दिखाया

कविता
दरअसल मेरे एकांत पर सेंध लगाती है एक शातिर शिकारी की तरह 
और मैं अपने मौन की रक्षा के लिए
कपड़ा पानी आकाश चंद्रमा प्रपात या पेड़ में बदल जाती हूँ

अपने ही नाम की धमक से थर्राने वालों पर प्रकट नहीं होता सूर्य का रहस्य
टूटे सितारों की धूल बहुरूपियों पर झरती है
कभी-कभी कविता 
मेरा आँगन बुहारने में असमर्थ अधटूटी झाड़ू हो जाती है

मुझे आभास है 
एक दिन इस झाड़ू की सारी सींकें टूट कर धूल में मिल जाएँगी
एक दिन धूप धान धुन लकड़ी लोहा लोग सब गड्डमड्ड हो जाएँगे
एक दिन सारा ज़माना अपना ठिकाना हो जाएगा
एक दिन अपना नाम अपने से अजनबी हो जाएगा
एक दिन अपना पता दयार-ए-नबी हो जाएगा

प्रिय!
क्या तुम्हें झाड़ू के एक सींक से आकाश भेद देने की कला आती है?

मुझे आभास है 
एक दिन मैं पैदा होऊँगी धूल के एक कण से
आकाश चटक-चटक हर ओर झरेगा
एक दिन अपनी माँग में धूप भरूँगी
धूप, 
जो किसी साधक सितारे की धूल है
एक दिन अपनी पाज़ेब में धूप जड़ूँगी
धूप,
जो किसी मायावी नर्तक का घुँघरू है

एक दिन धरती पर धूल का अंधड़ उड़ेगा
एक दिन दिशाएँ अचरज की छनछन से गूँज उठेंगी

एक आदिम नाच होगा 
साँयसाँयसाँय की थाप पर 
नमी दानम कि आख़िरचूँ दम-ए-दीदार मीरक्सम
बसद सामान-ए-रुसवाई सर-ए-बाज़ार मीरक्सम*

लचीले आकाश के कुछ नियम शाश्वत हैं
लय में उगने वाली सुबह को काटनी होती है प्रलय की रात 
बहुरूपिया है धूल
बहुरूपिया चाँद
बहुरूपिया है कविता
बहुरूपिया कवि
बहुरूपिया सितारों की बारात

कविता 
जीवन की कड़ी धूप पर बनती परछाईं है

एक खुली छत है एकांत
झुलसी परछाइयों पर खुलता है सूर्य का रहस्य
बस! इतनी ही है बात
__________________
*I do not know why at last to have a longing look, I dance. You strike the musical instrument and see everytime I dance, In whatever way you cause me to dance. O beloved ! I dance.
—Bulleshah

बाबुषा कोहली
About the poet

बाबुषा कोहली

View profile & all 42 Poems / Stories

More from बाबुषा कोहली

  1. प्रेम गिलहरी दिल अखरोट - बाबुषा कोहली

    श्याम सों होरी खेलन आई।रंग गुलाल की झोरि लिये सब नवला सज-सज आई।

    12.5K reads
  2. स्किट्ज़ोफ़्रेनिया, मुक्ति की नदी और खो-खो - बाबुषा कोहली

    (अलमित्रा ने कहा -- हमसे प्रेम के विषय में कुछ कहो। मसीहा ने सिर उठाया और सब पर शान्ति बरस पड़ी। उसने कहा -- प्रेम का संकेत मिलते ही उसके अनुगामी बन जाओ हालाँकि उसके रास्ते कठिन और दुर्गम हैं।और जब उसकी बाँहें तुम्हें घेर लें, समर्पण कर दो, हालाँकि उसके पंखों में छिपी तलवारें तुम्हें लहूलुहान कर सकते हैं, फिर भी। और जब वह शब्दों में प्रकट हो, उसमें विश्वास रखो । -- खलील जिब्रान)

    12.5K reads
  3. रेहाना के लिए - बाबुषा कोहली

    (मुझे पता है कि अभी ख़ूबसूरती की क़द्र नहीं है। चेहरे की ख़ूबसूरती, विचारों और आरज़ुओं की ख़ूबसूरती, खूबसूरत लिखावट, आँखों और नज़रिए की ख़ूबसूरती, यहाँ तक कि मीठी आवाज़ की ख़ूबसूरती. -- रेहाना जब्बारी)एक पत्ते की हरी रंगत काँपती है उम्र-भर

    12.5K reads
  4. सुकरात को याद करते हुए - बाबुषा कोहली

    जिस दिनवो दुनियावी ऐनक

    12.4K reads
  5. वहाँ चार आदमी थे - बाबुषा कोहली

    वहाँ चार आदमी थेपहला — शब्दों से भरा हुआ था

    12.5K reads

More Poetry & Stories You May Like