यूँ तो सब कुछ कहा करे कोई
वो न मानें तो क्या करे कोई
जब वफ़ा पर जफ़ा करे कोई
उल्टी दुनिया को क्या करे कोई
हाल देखा मिरा तो फ़रमाया
यूँ न मुझ पर मरा करे कोई
दर्द रुकता नहीं किसी पहलू
हाए ऐसे में क्या करे कोई
थाम कर दिल को आह करता हूँ
फिर न मुझ से गिला करे कोई
हैं मसीहा तो हों मुझे क्या काम
मेरी आ कर दवा करे कोई
वो न आए जो फ़ातिहा पढ़ने
अपनी तक़दीर क्या करे कोई
मर गए हम इसी तमन्ना में
दिल की बातें सुना करे कोई








