हर रात सितारों का सफ़र मेरे लिए है
हर रोज़ नई ताज़ा सहर मेरे लिए है
इक शहर-ए-तिलिस्मात मुझे ढूँड रहा है
बेचैन कोई राहगुज़र मेरे लिए है
जब चाहूँ तख़य्युल से किसी दौर में जी लूँ
लम्हों में ये सदियों का सफ़र मेरे लिए है
कहते हैं समुंदर में कई राज़ छुपे हैं
सन्देस लिए कोई भँवर मेरे लिए है
गुज़रे हुए फ़नकारों की मीरास मिली है
उन सब की रियाज़त का समर मेरे लिए है
शिकवे तो बहुत तुझ से हैं ऐ जान मगर तू
छितनार मोहब्बत का शजर मेरे लिए है








