तुम्हारी संततियाँ तुम्हारा नाम याद रखें
उसे आगे बढ़ाएँ और ख़ुद बहुत-बहुत आगे जाएँ
इसी विचार-क्रम में स्थगित करते रहते हो जीवन
और जीवन के क्रम में जारी कोशिशों में शामिल भरण-पोषण
तुम्हें अपने सपनों का बोझा नहीं उठाना है
उसके लिए एक रतिरात्रि से बनी है एक देह
तुम्हें अपने नाम की चिंता नहीं करनी
उसके लिए तुमने भरी है स्कूल की फ़ीस
तुम्हें अपने बुढ़ापे के लिए नहीं करनी जमा कोई पूँजी
तुमने अपनी पूँजी को किया है
नियमित रूप से किसी के भविष्य में निवेश
यह सब तुम्हें एक साधारण जीवन का
स्वाभाविक व्यवहार लगता है
यह सब तुम्हें जीवन का व्यवहार लगता है
तुम किसी के निवेश थे, तुमने किसी में इन्वेस्ट किया
पर जो किया वो क्यों किया?
प्रश्न नहीं किया तो क्यों नहीं किया?
तुमने प्रश्नों के नहीं स्थितियों के ही उत्तर खोजे
तुमने भूत-भविष्य के टूटे हुए, छूटे हुए—
नैरंतर्य में घटित होते वर्तमान को नकारा है
यह जीवन जो है क्या सच में तुम्हारा है?








