मन की व्यथा जो टीस की तरह चुभ रही है उसका रंग क्या होना चाहिए?
इस रंग से पीड़ा की नियति को क्या नसीब होगा?
मेरे दुःख
अँधेरे में पल रहे
बिना किसी रंग के
पपड़ी की तरह सूख रहे हैं
उन सूखे दुःखों को
मनपसंद रंगों में
हृदय के आईने के कैनवास पर
भिगोता हूँ
काले सफ़ेद बैंगनी नारंगी सफ़ेद भूरे हरे काले
रंग पड़े हैं
साँस ले रही है पीड़ा
टपक रहा है गीला दुःख
मैं तोड़ देता हूँ ब्रश स्ट्रॉक्स
बाँध देता हूँ उस पर एक लाल फीता
और पेंट न कर पाने का दुःख
जन्मता है मन में








