कोई और वजह रही होगी

अविनाश मिश्रअविनाश मिश्र

1 min read · 12.4K reads

कोई सिर्फ़ बीस रुपए के लिए क़त्ल क्यों करेगा

कोई क्यों प्रेम को प्रमाणित करने के लिए

प्रेमिका के आकर्षक चेहरे पर तेज़ाब फेंकेगा

कोई क्यों केवल रैगिंग के कारण कलाई की नस काट लेगा

कोई क्यों परीक्षा में कम अंक आने पर सल्फ़ास खाकर जान दे देगा

एक लाख का क़र्ज़ है महज़ इसलिए कोई आत्महत्या क्यों करेगा

‘जन्नत में बहत्तर हूरें मिलती हैं सहवास के लिए’

इस इनाम के लिए कोई धरती पर बम धमाके क्यों करेगा

समझदारियाँ इतनी खोखली और बुराइयाँ इतनी सामान्य क्यों हैं आजकल

जबकि महानुभाव सब कुछ हिंदी में समझाते आए हैं

कोई कुछ बदलने के लिए मतदान

और कोई कुछ बदलने के लिए जनसंहार क्यों करेगा

कुछ ग़लतफ़हमियाँ हैं आइए उन्हें दूर कर लें

जीवन में बेवक़ूफ़ियों के ये बेरोक सिलसिले इससे शायद कुछ थम जाएँ

अविनाश मिश्र
About the poet

अविनाश मिश्र

View profile & all 64 Poems / Stories