एक जटिल कॉमेडी के विकट दुखांत में
यानी पटाक्षेप के बाद
शुरू करते हुए असली नाटक
सब के सब असाधारण रूप से शांत है :
द्रुत से फिर विलंबित हो गई है
लय पार्श्व-संगीत की
क्लाइमेक्स से
नीचे उतर रही है घटना;
घुटनों
के
बल
एंटीक्लाइमेक्स में
नाटक का आरंभ
फिर दर्शकों के बीच से होगा; फिर
ढूँढ़ा जाएगा एक विदूषक
जो इस भीड़ को जनता कह कर
संबोधित करेगा; और सरलता
से अधिनायक बन जाएगा।
फिर असाधारण रूप से शांत
सब के सब
साधारण रूप से चीख़ने लगेंगे।
घटना चढ़ने लगेगी क्लाइमेक्स पर
पार्श्वसंगीत की लय
विलंबित से द्रुत हो जाएगी,
पटाक्षेप से पूर्व ही होगा असली
नाटक!
यानी
एक जटिल त्रासदी में
अंतर्निहित होगी
एक शाश्वत कॉमेडी!








