आज़ादी

अवधेश कुमारअवधेश कुमार

1 min read · 12.4K reads

आज़ादी एक गोल वस्तु है

पृथ्वी की तरह

पहाड़ पर बर्फ़ बन कर जमती है

बादलों से बरसती है और

सागर में एक हरे द्वीप की

तरह तैरती है।

वह महाद्वीप है, उपनिवेश है

लोहे की दीवार, तीसरी दुनिया

और नो मैंस लैंड भी; एक

झूठी लड़ाई है हिंदुस्तान

और पाकिस्तान की सरहद पर

आज़ादी गेंद की तरह टप्पे

खाती है : मानव के भूगोल में

और उसकी सामाजिक सभ्यता में

और उसकी जेब में रखी

मार्क्स की किताब है।

हरे टोप और भूरी वर्दी वाले

सैनिक, अफ़्रीका के जंगलों में

ख़रगोश का शिकार करते हैं।

काला आदमी अपनी आज़ादी को

झाग की तरह उगलता है।

आज़ादी एक गोल वस्तु है

रिटायर्ड बूढ़े फ़ौजी की छाती पर

लटकते हुए तमग़े की तरह,

बच्चे गुलेल से उसका निशाना

साधते हैं, किशोर-छर्रे की बंदूक़ से

और जवान सैनिक, उसे

मशीनगन की गोली से छेद देता है।

वह बूढ़ा

क़ुर्बानी का एक अमूर्त मूर्तिशिल्प है

जो समुद्र के किनारे

स्वतंत्रता की देवी की बग़ल में

खड़ा है, वह नंगा है, वह उस

सफ़ेद मूर्ति के साथ बलात्कार

करना चाहता है

उसके चेहरे पर

विजेता का-सा इत्मीनान और आवेश है

और ‘सूरज का सातवाँ बेड़ा’

उसे सलामी देता है

आज़ादी एक गोल वस्तु है

शून्य की तरह

और हथगोले की तरह

काग़ज़ की गोल पट्टी काट कर

अक्सर उसे हम

वियतनाम और अंगोला के

ज़ख़्मों पर चिपकाते हैं

और उस पर ख़ून के रंग से

संवेदना का एक

अंतरराष्ट्रीय क्रास बनाते हैं।

अंत में फिर

आज़ादी एक गोल वस्तु है, गोल :

प्रश्नचिह्न के नीचे

गिरते हुए बिंदु की तरह।

अवधेश कुमार
About the poet

अवधेश कुमार

View profile & all 27 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like