तुम्हारी कविता

अतुलवीर अरोड़ाअतुलवीर अरोड़ा

1 min read · 12.4K reads

आँखों के परदे पर

हिलता है दृश्य

कहीं हिलती है नाव

जल का बहाव

हँसी

कोई चुटकुला

मसख़रा-सा रंग

उसके चेहरे का राग

आकाश भर जाता है

पेड़ पर जैसे कोई पक्षी उड़ आता है

नदी का उतरना

चढ़ना पहाड़ का

आदमी फिर आदमी फिर आदमी फिर आदमी

फिर कहाँ से कहाँ तक बहती हुई हवा

किसके विस्तार में कौंध-कौंध जाती है

पेट में सूरज लिए

मस्तक पर चाँद

चकरघिन्नी खाता हुआ पूरा अस्तित्व घूम-घूम जाता है

धुँध के धुआँखे में

पंख-पंख उजली नीली

डोर न पतंग

फिर भी उड़ती हुई कोई एक तस्वीर विशाल

भुवन में भूरी काली

पूरी हो जाती है

कविता तुम्हारी कुछ ऐसे हो जाती है।

अतुलवीर अरोड़ा
About the poet

अतुलवीर अरोड़ा

हिंदी कविता के आठवें दशक में उभरे सुपरिचित कवि-आलोचक।

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like