वह

अतुलवीर अरोड़ाअतुलवीर अरोड़ा

1 min read · 12.4K reads

तपते हुए होंठों पर

अपने होंठ रख दो

बर्फ़ीले

ठंडे ठार

बोली वह

सहसा फिर ग़ायब हो गई

बोली के साथ

राख हो सकते थे

जलकर वे ख़ाक

और नहीं तो

वाष्प

लेकिन कोई जादू था

देखा देखने वालों ने

फड़फड़ा रहे थे

सूखे हुए तने पर

सहसा उग आई लालिमा में जागती

हरी-नीली फफूँद जैसी पत्तियों के साथ

शव में से निकले वे

और शब्द बन गए

भाषा में सुनाई दी तिड़-तिड़-तड़ाक

तुम मुझे छू लो तो मैं अभी हूँ

और नहीं तो फिर मैं कहीं नहीं हूँ

ख़याल से पहले ही अनुपस्थित जैसे

जाते हुए जाने के ख़याल के साथ

देश कभी ऐसे भी छूट जाता है

समय की लापरवाही में

उसने देखा

होंठ उसके थे ही नहीं

वह उन्हें अपने साथ ले गई थी!

अतुलवीर अरोड़ा
About the poet

अतुलवीर अरोड़ा

हिंदी कविता के आठवें दशक में उभरे सुपरिचित कवि-आलोचक।

View profile & all 15 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like