नाटक के बाहर - आशुतोष दुबे

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

7 min read · 12.4K reads

शाकुंतल के पन्नों से निकलती है शकुंतला
मृच्छकटिकम से वसंतसेना
दोनों नदी के तट पर
पेड़ की छाँह में बैठकर
देर तक करती रहती हैं
कालिदास और शूद्रक की बातें

जाल डालकर वह मछेरी भी वहीं बैठा होता है
लगभग जान ही ले डाली थी जिसकी
राजा की अँगूठी ने
और बाद में बमुश्किल छूट पाया था जो
राजसेवकों से पान-फूल का शिष्टाचार
निभाने के बाद
दोनों बतियाती हैं देर तक पुरानी सखियों की तरह
छेड़ती हैं यहाँ-वहाँ के किस्से
शकुंतला बताती है कि किस तरह
चौथे अंक के चौथे श्लोक ने
सोने नहीं दिया था कालिदास को चार रातों तक

वसंतसेना याद करती है कि कैसे सुनते रहे
थे शूद्रक
मिट्टी की गाड़ी की ध्वनि
नाटक के समाप्त हो जाने के बाद भी
इसके बाद शकुंतला कहती है
बड़ी देर हो गई, चलती हूँ अब
सातवें अंक के मरीचाश्रम से आई थी
पर भारत को वहीं छोड़
लौटना होगा मुझे
प्रथम अंक के कण्व आश्रम में
जहाँ गौतमी मेरी प्रतीक्षा में होंगी
ऋषि गए होंगे सोमतीर्थ
और तपोवन में चले आ रहे होंगे राजपुरुष

उधर वसंतसेना को खोजते आ जाता है शकार
कहते हुए, तुम कहाँ थी अब तक
मैंने तुम्हें कहाँ-कहाँ नहीं ढूँढ़ा
यहाँ तक कि चारुदत्त के घर भी गया
उसी ने बताया कि तुम यहीं कहीं होगी
तब लौट गई शकुंतला आश्रम में
और चली गई वसंतसेना शकार के साथ

वह बूढ़ा मछेरा मगर लौटा नहीं नाटक में
तजुर्बे से सीख चुका था वह
अँगूठी यदि निकले मछली के पेट से तो भी
दूर रहना चाहिए राजा के दरबार से!
आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like