मध्यांतर के बाद
फिर धूप है
अब बारिश नहीं
धुले हुए पेड़ों में
बची रह गई
बारिश की आवाज़ टपक रही है
खलिहान में सूख रहा अनाज
अचानक भीगने से तमतमा रहा है
सूखी पत्तियों के पीले में
एक स्याह गीलापन उतर रहा है
हवा में भीगी मिट्टी की छुअन है
पंछियों के पंखों की फुरकन में
एक भटकी हुई बदली की
खिलखिलाहट है
वन में जलावन चुनती
औचक बरसात से बचने के लिए
चट्टान के नीचे खड़ी हुई लड़की
ख़ुद को चट्टान की जड़ में उगता छोड़
अपने भीगे आँचल में
भीगी हुई लकड़ियों को समेटती हुई
लोप हो गई है
किसी जादुई स्लेट पर
जैसे यह स्केच था बारिश का
और अब फिर धूप है
मध्यांतर के बाद








