अच्छाई

आशुतोष दुबेआशुतोष दुबे

1 min read · 12.4K reads

हम सब जानते हैं

कि हमारे भीतर अच्छाई का समंदर लहरा रहा है

पर क्या करें

क्या करें कि वह किसी को दिखाई नहीं देता

हम बच्चे को दुलारना चाहते हैं

पर उसी वक़्त वह ऐसा कुछ कर बैठता है

कि उसे पीट देते हैं

खटती हुई बीवी से हमदर्दी के दौरे में

हम कहीं बाहर घूम आने की पेशकश करने ही वाले होते हैं

कि पता नहीं किस बात पर चख-चख हो जाती है

माँ-बाप के लिए तो हमारे दिल में

कृतज्ञ अनुराग की ज़बर्दस्त हिलोरें उठती ही रहती हैं

पर न जाने कौन क्या कह बैठता है

कि अक्सर खटपट हो जाती है

दोस्तों की तो बात ही मत पूछिए

जो सबसे अज़ीज़ है उसी से अबोला

हमारी अच्छाई अपना मन मसोस के रह जाती है

और ख़ुद के यूँ पोशीदा रह जाने पर अफ़सोस करती रहती है

वह हमें अक्सर एक अनिवार्य पछतावे की तरफ़ ले जाती है

जो कि एक ख़ालिस चीज़ है

जिसकी रगड़ से आत्मा चमकने लगती है

जिसमें हम अपना मुखड़ा देखते रहते हैं

जो वैसा हरगिज़ दिखाई नहीं देता

जैसा हम देखना चाहते रहे हैं

जिसका एक उप-पछतावा फिर होने लगता है

शायद हम अच्छाई के डंक के मारे हुए

उतने—अच्छे—नहीं क़िस्म के लोग हैं

शायद हमें इलाज से नहीं

इस रोग से ही

अपनी ताक़त खींचनी पड़ेगी

आशुतोष दुबे
About the poet

आशुतोष दुबे

View profile & all 65 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like