एक
ये पुश्तें बाक़ियो को
भगा देंगी।
किसी का बेग़ानापन बादलों में,
किसी का बिजली की कड़क में,
किसी का बारिश की गुंजाइश में।
मैं तुम्हें बिना पाए खो रहा हूँ
रोशनी ख़त्म हो रही है।
शाम को तालाब हमारे हैं
और रात और समय का
विन्यास करते स्वप्न।
पुरखे दरवाज़ों पर पहरा देते रात में
हमारे सपनों को रोक लेते हैं।
तुममें खोए हैं
तुम्हें मालूम नहीं।
दो
विस्थापित हुए पुरखों की
आड़ में बह रही लू पर
सवार पत्तियों का
एक झुंड,
दीवार पर पसीने की तरह गिर रहा है।
आतंकित व्यक्ति का विषाद
गर्मी से जली पत्तियों में
मिलकर बह रहा है।
जो हमें बचाते थे,
वे विस्थापित पुरखे,
याद के नीचे
पेड़ों की परछाईं में
छिप गए।
साँप ध्यान से रेंगे को जग न जाए।
बरगद की महक मंदिर में
छिप गई, बरगद यादों में जड़ें गाड़े
खड़ा हो गया।
आसमान की आवाज़
के बीच बच्चे
अब भी रोए
और थके हुए पिता
उनमें खोए।








