ख़ूबसूरत औरतें

अशोक कुमारअशोक कुमार

1 min read · 12.4K reads

वे दुनिया की सबसे ख़ूबसूरत औरतें थीं

जो पहाड़-सी ज़िंदगी को

लाँघती, फलाँगती हुई

किसी भी आँगन में देर तक बतियातीं

ज़ोर-ज़ोर से ठठियातीं

और उदासियों को दूर धकेल देतीं।

उन्होंने छुपकर प्रेम किया

और पनिहारों, घसनियों में गुनगुनाते हुए

विरह के सबसे मीठे गीत गाए।

उन्होंने तमाम मुश्किलों को

पुआल की तरह बटोरा

और उस पर बैठकर विश्राम कर लिया।

वे जब दुःखी हुईं तो खेतों में उगे झाड़-झंखाडों को

दरातियों से काँट-छाँट आईं।

उनके हिस्से में सबसे आख़िरी रोटी

सबके बाद में कपड़ा

और सबसे कम ख़ुशियाँ आईं।

उन्होंने गहने बेच बेटों को शहर भेजा

और जंगल के सबसे ख़ूबसूरत फूल चुनकर

अपने जूडों में खोंस लिए।

उन्होंने बेटी की विदाई पर बचाए आँसुओं को

बेटों के परदेस जाने पर बहाया।

उन्होंने नहीं ख़र्चे बेटों के दिए पैसे

उन्हें छुपाकर रखा

कपड़ों की तहों के बीच

और पीहर आई बेटी के हाथ में रख दिए।

मेरे सपनों में आती हैं वे सारी औरतें

जो मेरी माँएँ तो नहीं थीं

किंतु एक वक़्त के बाद,

मेरी माँ का चेहरा

उनसे मिलने लग गया है।

अशोक कुमार
About the poet

अशोक कुमार

नई पीढ़ी के कवि। 'मेरे पास तुम हो' शीर्षक से एक कविता-संग्रह प्रकाशित।

View profile & all 17 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like