निष्ठावान

अशोक भारतीअशोक भारती

1 min read · 12.4K reads

मैं क्यों निष्ठावान बनूँ—

तुम्हारे प्रपंच का

यज्ञ का,

कर्मकांड का

अतीत के महिमागान का?

मैं क्यों निष्ठावान बनूँ—

तुम्हारे षड्यंत्र का

स्वर्ग का,

नरक का

मानवता के बेड़ा-गर्क़ का?

मैं क्यों निष्ठावान बनूँ—

तुम्हारे विधान का

स्मृतियों का,

शास्त्र का

मानवता के श्मशान का?

मैं क्यों निष्ठावान बनूँ—

तुम्हारे धर्म का

गौरी का,

गणेश का

ब्रह्मा, विष्णु, महेश का?

क्यों मैं निष्ठावान बनूँ—

इंसान के अलगाव का

शोषण का,

अत्याचार का

सदियों के अपमान का!

अशोक भारती
About the poet

अशोक भारती

दलित-संवेदना और सरोकारों के लिए उल्लेखनीय कवि-कार्यकर्ता।

View profile & all 10 Poems / Stories