रानी का गीत - आशीष त्रिपाठी

आशीष त्रिपाठीआशीष त्रिपाठी

8 min read · 12.4K reads

रथ पर चढ़कर वह रोती रही
महलों में भी रोई
पैरों के नीचे फूलों के रास्ते
खुशबू से भरी हवायें
आदेश की प्रतीक्षा में
सर झुकाये खड़ी बांदियों की कतार
नहीं ला सकी उसके चेहरे पर
सच्ची मुस्कान का एक क्षण
दुनिया का सबसे अच्छा भोज भी रुचा नहीं उसे

बार-बार कहती रही सबसे
मैं बहुत ख़ुश हूँ, बहुत ख़ुश
उसकी ख़ुशी में
काला-सा हो जाता है उसका चेहरा
उसे शायद मालूम नहीं
मोल में बिकना
(एक अवकाश प्राप्त शिक्षक अपने बेटे से)
गाँव में बिकता है मज़दूर चालीस रुपये रोज में
शहर में उसकी कीमत सत्तर रुपये
महानगर में सौ के आस-पास
यंत्री मज़दूरों के दाम
भारत में आठ हज़ार प्रतिमाह से लेकर तीस
हज़ार तक
कस्बे का नाई सिट डाउन हेयर कटिंग सैलून में
दो हज़ार माह
वहीं का हेयर ड्रेसर छह हज़ार तक
भोपाल में दस हज़ार के आसपास आराम से
कम्प्यूटर कर्मी की कीमत रीवा में चार हजार
प्रतिमाह
बंगलौर में रुपये चौबीस हज़ार
न्यूयार्क में आठ से दस लाख
जो मोल से बिके, वही है आज मोल में
जब बिकना ही है उनके हाथों
तो बेहतर से बेहतर बिकना
देखो कोई कह न सके
कि इसमें तो लच्छन ही नहीं बिकने के
और उसकी तमीज नहीं आयेगी यूँ ही
खूब तैयार करो
शोषण-चक्र में सबसे अच्छे दामों बिकने की
जब तय ही है तो
मोल से बिकना और मोल में रहना
कोशिश करना कि
बिक सको न्यूयार्क, लंदन, वाशिंगटन में
कम से कम हैदराबाद, बंगलौर या मुंबई में बिकना
और जब कुढ़न हो अपने मोल से
अपने बाप के बारे में सोचना
जो बिका नहीं जीवन भर
पर अंत में जीवन के
तुमसे कहता रहा- मोल से बिकना
आशीष त्रिपाठी
About the poet

आशीष त्रिपाठी

View profile & all 6 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like