माँ अक्सर कहती थी तू बेटी है!
ज़ोर से मत हँस ज़ोर से मत बोल
लोग सुन लेंगे
क्या कहेंगे
कैसी वाहियात लड़की है?
माँ टोकती रही मेरे हँसने पर
टोकती रही मेरे बोलने पर
कि लोग सुन लेंगे
लोग क्या कहेंगे
यही सुन-सुन कर मेरी सारी भावनाएँ
सारी आवाज़ें अंदर ही मर गईं
मैं धीरे-धीरे हँसना और बोलना भूल गई
अब तो ज़ोर से रोना भी चाहूँ तो
सिसकियाँ गले में ही घुट कर दम तोड़ देती हैं!








