चौराहा जाम कर
एक दूसरे का हाथ अपने हाथ में लेकर
लामबंद हैं
औरतें
चिलचिलाती धूप में
तुमने कर दिया सरकार का चक्का जाम
व्यवस्था है लाचार और मजबूर
रोष में बरसा रही हैं लाठियाँ तुम लोगों पर
मुट्ठी भींच कर और भी कस कर तुम सबने ज़ोर से पकड़ रखा है
अपना हाथ दूसरे के साथ
वह छोड़ रहे हैं आँसू गैस के गोले
कर रहे हैं पानी की बौछारें
तुम बाग़ी औरतों पर
तुम्हारे लिए पीने का पानी तक नहीं हैं
भरी दुपहरिया में
जहाँ सड़कें भी तप रही हैं
रेगिस्तान की तरह
लहू से लथपथ अपने सर पर तुम सबने बाँध रखी है
अपनी ही साड़ी और दुपट्टे के चिथड़े को बनाकर कफ़न
ज़ोर-ज़ोर से नारा लगाते हुए बढ़ती जाती हो आगे, और भी आगे
वह खींच रहे हैं पकड़ कर तुम्हें केश से और फाड़ रहे हैं तुम्हारे कपड़े
जैसे घसीटी गई द्रौपदी भरी सभा में
और मौन था पूरा का पूरा राजप्रसाद
वहशतगर्दों की आँखों में है नफ़रत और वासना औरतों के लिए
जो उठा रही हैं ज़ुल्म के ख़िलाफ़ आवाज़ खुली सड़क पर
जिसने हिलाकर रखा दिया है प्रशासन
जिसने डाल दी है व्यवस्था की नाक में नकेल
बौखलाए हुए ज़ुल्मी
अपना ज़ुल्म और बढ़ा देते हैं
बरसाते हैं आग के गोले
तुम सब फिर भी बढ़ती जाती हो
आग के शोलों को चीरते हुए
कायर बलात्कारी यह नहीं जानते
जिस आग से वे तुम्हें डरा रहे हैं
वह तुम अपने सीने में रखती हो
और रोज़ फूँक मार कर उससे अपना चूल्हा सुलगाती हो।








