शाह आलम कैम्प की रूहें

Asghar Wajahatअसग़र वजाहत

8 min read · 12.8K reads

शाह आलम कैम्प में दिन तो किसी न किसी तरह गुज़र जाते हैं लेकिन रातें क़यामत की होती है। ऐसी नफ़्स़ा नफ़्स़ी का अलम होता है कि अल्ला बचाये। इतनी आवाज़े होती हैं कि कानपड़ी आवाज़ नहीं सुनाई देती, चीख-पुकार, शोर-गुल, रोना, चिल्लाना, आहें सिसकियां. . .

रात के वक्त़ रूहें अपने बाल-बच्चों से मिलने आती हैं। रूहें अपने यतीम बच्चों के सिरों पर हाथ फेरती हैं, उनकी सूनी आंखों में अपनी सूनी आंखें डालकर कुछ कहती हैं। बच्चों को सीने से लगा लेती हैं। ज़िंदा जलाये जाने से पहले जो उनकी जिगरदोज़ चीख़ों निकली थी वे पृष्ठभूमि में गूंजती रहती हैं। सारा कैम्प जब सो जाता है तो बच्चे जागते हैं, उन्हें इंतिजार रहता है अपनी मां को देखने का. . .अब्बा के साथ खाना खाने का। कैसे हो सिराज, 'अम्मां की रूह ने सिराज के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा।'

'तुम कैसी हों अम्मां?'

मां खुश नज़र आ रही थी बोली सिराज. . .अब. . . मैं रूह हूं . . .अब मुझे कोई जला नहीं सकता।' 'अम्मां. . .क्या मैं भी तुम्हारी तरह हो सकता हूं?'

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद एक औरत की घबराई बौखलाई रूह पहुंची जो अपने बच्चे को तलाश कर रही थी। उसका बच्चा न उस दुनिया में था न वह कैम्प में था। बच्चे की मां का कलेजा फटा जाता था। दूसरी औरतों की रूहें भी इस औरत के साथ बच्चे को तलाश करने लगी। उन सबने मिलकर कैम्प छान मारा. . .मोहल्ले गयीं. . .घर धूं-धूं करके जल रहे थे। चूंकि वे रूहें थीं इसलिए जलते हुए मकानों के अंदर घुस गयीं. . .कोना-कोना छान मारा लेकिन बच्चा न मिला।

आख़िर सभी औरतों की रूहें दंगाइयों के पास गयी। वे कल के लिए पेट्रौल बम बना रहे थे। बंदूकें साफ कर रहे थे। हथियार चमका रहे थे।

बच्चे की मां ने उनसे अपने बच्चे के बारे में पूछा तो वे हंसने लगे और बोले, 'अरे पगली औरत, जब दस-दस बीस-बीस लोगों को एक साथ जलाया जाता है तो एक बच्चे का हिसाब कौन रखता है? पड़ा होगा किसी राख के ढेर में।'

मां ने कहा, 'नहीं, नहीं मैंने हर जगह देख लिया है. . .कहीं नहीं मिला।'

तब किसी दंगाई ने कहा, 'अरे ये उस बच्चे की मां तो नहीं है जिसे हम त्रिशूल पर टांग आये हैं।'

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद रूहें आती हैं। रूहें अपने बच्चों के लिए स्वर्ग से खाना लाती है।, पानी लाती हैं, दवाएं लाती हैं और बच्चों को देती हैं। यही वजह है कि शाह कैम्प में न तो कोई बच्चा नंगा भूखा रहता है और न बीमार। यही वजह है कि शाह आलम कैम्प बहुत मशहूर हो गया है। दूर-दूर मुल्कों में उसका नाम है।

दिल्ली से एक बड़े नेता जब शाह आलम कैम्प के दौरे पर गये तो बहुत खुश हो गये और बोले, 'ये तो बहुत बढ़िया जगह है. . .यहां तो देश के सभी मुसलमान बच्चों को पहुंचा देना चाहिए।'

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद रूहें आती हैं। रात भर बच्चों के साथ रहती हैं, उन्हें निहारती हैं. . .उनके भविष्य के बारे में सोचती हैं। उनसे बातचीत करती हैं।

सिराज अब तुम घर चले जाओ, 'मां की रूह ने सिराज से कहा।'

'घर?' सिराज सहम गया। उसके चेहरे पर मौत की परछाइयां नाचने लगीं।

'हां, यहां कब तक रहोगे? मैं रोज़ रात में तुम्हारे पास आया करूंगी।'

'नहीं मैं घर नहीं जाउंगा. . .कभी नहीं. . .कभी,' धुआं, आग, चीख़ों, शोर।

'अम्मां मैं तुम्हारे और अब्बू के साथ रहूंगा'

'तुम हमारे साथ कैसे रह सकते हो सिक्कू. . .'

'भाईजान और आपा भी तो रहते हैं न तुम्हारे साथ।'

'उन्हें भी तो हम लोगों के साथ जला दिया गया था न।'

'तब. . .तब तो मैं . . .घर चला जाऊंगा अम्मां।'

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद एक बच्चे की रूह आती है. . .बच्चा रात में चमकता हुआ जुगनू जैसा लगता है. . .इधर-उधर उड़ता फिरता है. . .पूरे कैम्प में दौड़ा-दौड़ा फिरता है. . .उछलता-कूदता है. . .शरारतें करता है. . .तुतलाता नहीं. . .साफ-साफ बोलता है. . .मां के कपड़ों से लिपटा रहता है. . .बाप की उंगली पकड़े रहता है।

शाह आलम कैम्प के दूसरे बच्चे से अलग यह बच्चा बहुत खुश रहता है।

'तुम इतने खुश क्यों हो बच्चे?'

'तुम्हें नहीं मालूम. . .ये तो सब जानते हैं।'

'क्या?'

'यही कि मैं सुबूत हूं।'

'सुबूत? किसका सुबूत?'

'बहादुरी का सुबूत हूं।'

'किसकी बहादुरी का सुबूत हो?'

'उनकी जिन्होंने मेरी मां का पेट फाड़कर मुझे निकाला था और मेरे दो टुकड़े कर दिए थे।'

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद रूहें आती हैं। एक लड़के के पास उसकी मां की रूह आयी। लड़का देखकर हैरान हो गया।

'मां तुम आज इतनी खुश क्यों हो?'

'सिराज मैं आज जन्नत में तुम्हारे दादा से मिली थी, उन्होंने मुझे अपने अब्बा से मिलवाया. . .उन्होंने अपने दादा. . .से . . .सकड़ दादा. . .तुम्हारे नगड़ दादा से मैं मिली।' मां की आवाज़ से खुशी फटी पड़ रही थी। 'सिराज तुम्हारे नगड़ दादा. . .हिंदू थे. . .हिंदू. . .समझे? सिराज ये बात सबको बता देना. . .समझे?'

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद रूहें आती हैं। एक बहन की रूह आयी। रूह अपने भाई को तलाश कर रही थी। तलाश करते-करते रूह को उसका भाई सीढ़ियों पर बैठा दिखाई दे गया। बहन की रूह खुश हो गयी वह झपट कर भाई के पास पहुंची और बोली, 'भइया, भाई ने सुनकर भी अनसुना कर दिया। वह पत्थर की मूर्ति की तरह बैठा रहा।'

बहन ने फिर कहा, 'सुनो भइया!'

भाई ने फिर नहीं सुना, न बहन की तरफ देखा।

'तुम मेरी बात क्यों नहीं सुन रहे भइया!', बहन ने ज़ोर से कहा और भाई का चेहरा आग की तरह सुर्ख हो गया। उसकी आंखें उबलने लगीं। वह झपटकर उठा और बहन को बुरी तरह पीटने लगा। लोग जमा हो गये। किसी ने लड़की से पूछा कि उसने ऐसा क्या कह दिया था कि भाई उसे पीटने लगा. . .

बहन ने कहा, 'नहीं सलीमा नहीं, तुमने इतनी बड़ी गल़ती क्यों की।' बुज़ुर्ग फट-फटकर रोने लगा और भाई अपना सिर दीवार पर पटकने लगा।

(8)

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद रूहें आती हैं। एक दिन दूसरी रूहों के साथ एक बूढ़े की रूह भी शाह आलम कैम्प में आ गयी। बूढ़ा नंगे बदन था। उंची धोती बांधे था, पैरों में चप्पल थी और हाथ में एक बांस का डण्डा था, धोती में उसने कहीं घड़ी खोंसी हुई थी।

रूहों ने बूढ़े से पूछा 'क्या तुम्हारा भी कोई रिश्तेदार कैम्प में है?'

बूढ़े ने कहा, 'नहीं और हां।'

रूहों के बूढ़े को पागल रूह समझकर छोड़ दिया और वह कैम्प का चक्कर लगाने लगा।

किसी ने बूढ़े से पूछा, 'बाबा तुम किसे तलाश कर रहे हो?'

बूढ़े ने कहा, 'ऐसे लोगों को जो मेरी हत्या कर सके।'

'क्यों?'

'मुझे आज से पचास साल पहले गोली मार कर मार डाला गया था। अब मैं चाहता हूं कि दंगाई मुझे ज़िंदा जला कर मार डालें।'

'तुम ये क्यों करना चाहते हो बाबा?'

'सिर्फ ये बताने के लिए कि न उनके गोली मार कर मारने से मैं मरा था और न उनके ज़िंदा जला देने से मरूंगा।'

शाह आलम कैम्प में एक रूह से किसी नेता ने पूछा

'तुम्हारे मां-बाप हैं?'

'मार दिया सबको।'

'भाई बहन?'

'नहीं हैं'

'कोई है'

'नहीं'

'यहां आराम से हो?'

'हो हैं।'

'खाना-वाना मिलता है?'

'हां मिलता है।'

'कपड़े-वपड़े हैं?'

'हां हैं।'

'कुछ चाहिए तो नहीं,'

'कुछ नहीं।'

'कुछ नहीं।'

'कुछ नहीं।'

नेता जी खुश हो गये। सोचा लड़का समझदार है। मुसलमानों जैसा नहीं है।

शाह आलम कैम्प में आधी रात के बाद रूहें आती हैं। एक दिन रूहों के साथ शैतान की रूह भी चली आई। इधर-उधर देखकर शैतान बड़ा शरमाया और झेंपा। लोगों से आंखें नहीं मिला पर रहा था। कन्नी काटता था। रास्ता बदल लेता था। गर्दन झुकाए तेज़ी से उधर मुड़ जाता था जिधर लोग नहीं होते थे। आखिरकार लोगों ने उसे पकड़ ही लिया। वह वास्तव में लज्जित होकर बोला, 'अब ये जो कुछ हुआ है. . .इसमें मेरा कोई हाथ नहीं है. . .अल्लाह क़सम मेरा हाथ नहीं है।'

लोगों ने कहा, 'हां. . .हां हम जानते हैं। आप ऐसा कर ही नहीं सकते। आपका भी आख़िर एक स्टैण्डर्ड है।'

शैतान ठण्डी सांस लेकर बोला, 'चलो दिल से एक बोझ उतर गया. . .आप लोग सच्चाई जानते हैं।'

लोगों ने कहा, 'कुछ दिन पहले अल्लाह मियां भी आये थे और यही कह रहे थे।'

Asghar Wajahat
About the poet

Asghar Wajahat असग़र वजाहत

Syed Asghar Wajahat, popularly known as Asghar Wajahat (born 5 July 1946), is a Hindi scholar, fiction writer, novelist, playwright, an independent documentary filmmaker, and a television scriptwriter, who is most known for his work, 'Saat Aasmaan' and his ac…

View profile & all 18 Poems / Stories

More from Asghar Wajahat

  1. मैं हिन्दू हूँ

    ऐसी चीख कि मुर्दे भी कब्र में उठकर खड़े हो जाएं। लगा कि आवाज़ बिल्कुल कानों के पास से आई है। उन हालात में. . .मैं उछलकर चारपाई पर बैठ गया, आसमान पर अब भी तारे थे. . .शायद रात का तीन बजा होगा। अब्बाजान भी उठ बैठे। चीख फिर सुनाई दी। सैफ़ अपनी खुर्री चारपाई पर लेटा चीख रहा था। आंगन में एक सिरे से सबकी चारपाइयां बिछी थीं।लाहौलविलाकुव्वत. . . अब्बाजान ने लाहौल पढ़ी

    12.8K reads
  2. तमाशे में डूबा हुआ देश

    मैं पहले कहानियाँ लिखा करता था। अब मैंने कहानियाँ लिखना छोड़ दिया है क्योंकि कहानी लिखने से कोई बात नहीं बनती। झूठे सच्चे पात्र गढ़ना, इधर उधर की घटनाओं को समेटना, चटपटे संवाद लिखना, अपनी पढ़ी हुई किताबों की जानकारियों और अपने ज्ञान को कहानी में उलट देने से क्या होता है? मैं अपने दूसरे कहानीकार मित्रों को सलाह देता हूँ कि वे कहानी वहानी लिखने का काम छोड़ दें। हमारे इस देश में जहाँ रोज, हर पल, हर जगह कहानी से ज्यादा निर्मम घट रहा हो वहाँ कहानी लिखना बेकार की बात है। अपने चारों तरफ निगाह उठा कर देखिए, आपको बिखरी पड़ी कहानियाँ देख कर अपने कहानीकार होने पर शर्म आएगी जो मुझे आ चुकी है और मैंने कहानियाँ लिखना बंद कर दिया है। लेकिन चूँकि लिखने की आदत पड़ चुकी है और लिखे बिना चैन भी नहीं आता इसलिए सोचा है मैं कहानियाँ न लिख कर 'वाक्या' लिखा करूँगा। 'वाक्या' उर्दू का शब्द है जिसका मतलब 'घटना' निकाला जा सकता है लेकिन शायद बात पूरी बनेगी नहीं। 'वाक्या' किसी ऐसी सच्ची घटना का विवरण कहा जा सकता है जो रोचक, नाटकीय और मनोरंजक हो। केवल घटना मात्र न हो। अगर मैं आपको सिर्फ घटनाएँ सुनाने लगूँगा तो उसमें कुछ मजा न आएगा और आप मुझे बेवकूफ और मूर्ख समझ कर पढ़ना बंद कर देंगे। हो सकता है यह काम आप 'वाक्या' सुनने के बाद भी करें लेकिन मुझे अब भी उम्मीद है कि और कुछ करें या न करें 'वाक्ये' को सुन लेंगे। यह सच्चा वाक्या है। बहरहाल सच्चाई तो वैसे भी सामने आ जाएगी। मेरे कहने से न सच झूठ हो सकता है और न झूठ सच हो जाएगा।हमारे ही देश के एक शहर में एक आदमी गायब हो गया और दो कुत्ते के पिल्ले गायब हो गए। मैं शहर का नाम नहीं बताऊँगा क्योंकि वाक्यानिगार होने का यह मतलब नहीं है कि मैं लोगों का दिल दुखाऊँ और अपना जीना हराम कर लूँ। आप जानते ही हैं कि आज हमारे अहिंसक देश में हर तरह की हिंसा तरक्की पर है। पहले जो बात तू तू मैं मैं पर खत्म हो जाती वह अब हत्या का कारण बन जाती है। अब तो हत्यारों का सम्मान होता है। मैं जिस इलाके का रहनेवाला हूँ वहाँ जिसने जितनी हत्याएँ की होती हैं उसका उतना सम्मान होता है। यही कारण है कि आज तक मेरे इलाके में मेरा सम्मान नहीं हो सका है क्योंकि मैं मक्खी मारने लायक भी नहीं हूँ। सम्मान के मानदंड बदल गए हैं। इसे साबित करने के लिए मिसाल के लिए एक और वाक्या भी है। विधान सभा के चुनाव हो जाने के बाद कुछ नेतागण विधायक कैंटीन में बैठे बातचीत कर रहे थे और सब एक दूसरे से पूछ रहे थे कि आपने कहाँ से 'कंटेस्ट' किया था। ध्यान दें कि उनमें लोकतंत्र की भावना कितनी प्रबल थी। वे हारने या जीतने की बात नहीं कर रहे थे, केवल 'कंटेस्ट' करने की बात कर रहे थे। सबने बताया कि उन्होंने कहाँ कहाँ से 'कंटेस्ट' किया है। एक आदमी से पूछा गया तो उसने कहा कि मैंने कहीं से 'कंटेस्ट' नहीं किया है। सब उसे देख कर हैरत में पड़ गए और कहा, जाइए जा कर काउंटर से छह चाय ले आइए।

    13.1K reads
  3. ज़ख़्म

    बदलते हुए मौसम की तरह राजधानी में साम्प्रदायिक दंगों का भी मौसम आता है। फर्क इतना है कि मौसमों के आने-जाने के बारे में जैसे स्पष्ट अनुमान लगाए जा सके हैं वैसे अनुमान साम्प्रादायिक दंगों के मामले में नहीं लगते। फिर भी शहर यह मानने लगा है कि साम्प्रदायिक दंगा भी मौसमों की तरह निश्चित रूप से आता है। बात इतनी सहज-साधारण बना दी गई है कि साम्प्रदायिक दंगों की खबरें लोग इसी तरह सुनाते हैं जैसे गर्मी बहुत बढ़ गई है या अबकी पानी बहुत बरसा जैसी खबरें सुनी जाती हैं। दंगों की खबर सुनकर बस इतना ही होता है कि शहर का एक हिस्सा कर्फ्यूग्रस्त हो जाता है। लोग रास्ते बदल लेते हैं। इस थोड़ी-सी असुविधा पर मन-ही मन कभी खीज जाते हैं, उसी तरह जैसे बेहतर गर्मी पर या लगातार पानी बरसने पर कोफ्त होती है। शहर के सारे काम यानी उद्योग, व्यापार, शिक्षण, सरकारी काम-काज सब सामान्य ढंग से चलता रहता है।मंत्रिमंडल की बैठकें होती हैं। संसद के अधिवेशन होते हैं। विरोधी दलों के धरने होते हैं। प्रधनामंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं, मंत्री उद्घाटना करते हैं, प्रेमी प्रेम करते हैं, चोर चोरी करते हैं। अखबार वाले भी दंगे की खबरों में कोई नया या चटपटापन नहीं पाते और प्रायः हाशिए पर ही छाप देते हैं। हाँ, मरने वालों की संख्या अगर बढ़ जाती है तो मोटे टाइप में खबर छपती हैं, नहीं तो सामान्य।

    12.9K reads
  4. केक

    उन्होंने मेज़ पर एक ज़ोरदार घूँसा मारा और मेज़ बहुत देर तक हिलती रही। 'मैं कहता हूं जब तक ऐट ए टाइम पाँच सौ लोगों को गोली से नहीं उड़ा दिया जायेगा, हालात ठीक नहीं हो सकते।' अपनी खासी स्पीकिंग-पावर नष्ट करके वह हाँफने लगे। फिर उन्होंने अपना ऊपरी होंठ निचले होंठ से दबाकर मुझे घूरना शुरू किया। वह अवश्य समझ गये थे कि मैं मुस्करा रहा हूं। फिर उन्होंने घूरना बंद कर दिया और अपनी प्लेट पर पिल पड़े।रोज़ ही रात को राजनीति पर बात होती है। दिन के दो बजे से रात आठ बजे तक प्रूफ़रीडिंग का घटिया काम करते-करते वह काफ़ी खिसिया उठते हैं।

    14.2K reads
  5. आठवां आश्चर्य

    लड़की खूबसूरत थी। इतनी कि अगर किसी छोटे शहर में होती तो किसी मंत्री-पुत्र ने उसे उठवाने की कोशिश जरूर की होती। या उसके नाम पर दो-चार बार चाकू चलते। अगर नहीं, तो कम-से-कम सौ-पचास कविताएं तो लिखी ही जातीं। हजार पांच सौ प्रेम-पत्र मिलते। अगर बहुत बड़े शहर में होती तो फिल्मों और सीरियलों में काम के ऑफर मिल गए होते। विज्ञापन एजेन्सियों के गुरु घण्टालों ने डोरे डाले होते। साहित्य, कला, संस्कृति प्रेमियों से बच जाती तो रंगमंच और नृत्य वालों ने तो छोड़ा ही न होता। मतलब यह कि लड़की खूबसूरत थी, यात्रा में थी और साथ उसका पति था या हो सकता है होने वाला पति हो या ये भी हो सकता है कि कभी न हो पाने वाला पति हो। लड़की को देखकर सुरूर चढ़ता था। ऐसा जैसे एक छोटा पेग लगा लिया हो। लड़के को देखकर लगता था किसी ने छोटे पेग में नीबू निचोड़ दिया हो।लड़की की उम्र करीब बीस-इक्कीस रही होगी। उसके साथ लड़का अट्ठाइस-तीस के करीब का था। दोनों ने रंग उड़ी नीली जीन्स जैकेट, एक रंग और डिजाइन के जूते पहने थे। दोनों ने घड़ियां भी मैच करती हुई लगाई थीं। दोनों का जोड़ा बड़ा फब रहा था। हो सकता है मैं केवल मर्दों के नजरिए से कह रहा हूं, लेकिन लड़की लड़के के मुकाबले गजब की चीज थी। उसके सीधे रेशमी लम्बे बाल कन्धों पर पड़े थे और जेवर के नाम पर नाक में बस हीरे के कील थी जिसकी चमक कल्पना के हिन्द महासागर में उतर जाने के लिए काफी थी। चेहरे पर बेफिक्री और मस्ती थी। जीन्स और जैकेट में उसका शरीर फुलझड़ियां छोड़ता-सा लग रहा था।

    13.1K reads

More Poetry & Stories You May Like