ज़ख़्म

Asghar Wajahatअसग़र वजाहत

13 min read · 12.9K reads

बदलते हुए मौसम की तरह राजधानी में साम्प्रदायिक दंगों का भी मौसम आता है। फर्क इतना है कि मौसमों के आने-जाने के बारे में जैसे स्पष्ट अनुमान लगाए जा सके हैं वैसे अनुमान साम्प्रादायिक दंगों के मामले में नहीं लगते। फिर भी शहर यह मानने लगा है कि साम्प्रदायिक दंगा भी मौसमों की तरह निश्चित रूप से आता है। बात इतनी सहज-साधारण बना दी गई है कि साम्प्रदायिक दंगों की खबरें लोग इसी तरह सुनाते हैं जैसे ‘गर्मी बहुत बढ़ गई है’ या ‘अबकी पानी बहुत बरसा’ जैसी खबरें सुनी जाती हैं। दंगों की खबर सुनकर बस इतना ही होता है कि शहर का एक हिस्सा ‘कर्फ्यूग्रस्त’ हो जाता है। लोग रास्ते बदल लेते हैं। इस थोड़ी-सी असुविधा पर मन-ही मन कभी खीज जाते हैं, उसी तरह जैसे बेहतर गर्मी पर या लगातार पानी बरसने पर कोफ्त होती है। शहर के सारे काम यानी उद्योग, व्यापार, शिक्षण, सरकारी काम-काज सब सामान्य ढंग से चलता रहता है।

मंत्रिमंडल की बैठकें होती हैं। संसद के अधिवेशन होते हैं। विरोधी दलों के धरने होते हैं। प्रधनामंत्री विदेश यात्राओं पर जाते हैं, मंत्री उद्घाटना करते हैं, प्रेमी प्रेम करते हैं, चोर चोरी करते हैं। अखबार वाले भी दंगे की खबरों में कोई नया या चटपटापन नहीं पाते और प्रायः हाशिए पर ही छाप देते हैं। हाँ, मरने वालों की संख्या अगर बढ़ जाती है तो मोटे टाइप में खबर छपती हैं, नहीं तो सामान्य।

यह भी एक स्वस्थ परम्परा-सी बन गई है कि साम्प्रदायिक दंगा हो जाने पर शहर में ‘साम्प्रदायिकता विरोधी सम्मेलन’ होता है। सम्मेलन के आयोजकों तथा समर्थकों के बीच अक्सर इस बात पर बहस हो जाती है कि दंगा के तुरन्त बाद न करने सम्मेलन इतनी देर में क्यों किया गया। इस इलज़ाम का जवाब आयोजकों के पास होता है। वे कहते हैं कि प्रजातान्त्रिक तरीके से काम करने में समय लग जाता है। जबकि गैर प्रजातान्त्रिक तरीके से किए जाने वाले काम फट से हो जाते हैं—जैसे दंगा। लेकिन दंगों के विरोध में सम्मेलन करने में समय लगता है। क्योंकि किसी वामपंथी पार्टी की प्रान्तीय कमेटी सम्मेलन करने का सुझाव राष्ट्रीय कमेटी को देती है। राष्ट्रीय कमेटी के तदर्थ समिति बना देती है ताकि सम्मेलन की रूपरेखा तैयार की जा सके। तदर्थ समिति अपने सुझाव देने में कुछ समय लगाती है। उसके बाद उसकी सिफारिशें राष्ट्रीय कमेटी में जाती हैं। राष्ट्रीय कमेटी में उन पर चर्चा होती है और एक नयी कमेटी बनायी जाती है जिसका सम्मेलन के स्वरूप के अनुसार कार्य करना होता है।

अगर राय यह बनती है कि साम्प्रदायिकता जैसे गम्भीर मसले पर होने वाले सम्मेलन में सभी वामपंथी लोकतान्त्रिक शक्तियों को एक मंच पर लाया जाए, तो दूसरे दलों से बातचीत होती है। दूसरे दल भी जनतान्त्रिक तरीके से अपने शामिल होने के बारे में निर्णय लेते हैं। उसके बाद यह कोशिश की जाती है कि ‘साम्प्रदायिकता विरोधी सम्मेलन’ में साम्प्रदायिक सद्भाव बनाने के लिए नामी हिन्दू, मुसलमान, सिख नागरिकों का होना भी जरूरी है। उनके नाम सभी दल जनतान्त्रिक तरीके से तय करते हैं। अच्छी बात है कि शहर में ऐसे नामी हिन्दू मुस्लिम, सिख नागरिक हैं जो इस काम के लिए तैयार हो जाते हैं। उन नागरिकों की एक सूची है, उदाहरण के लिए भारतीय वायुसेना से अवकास-प्राप्त एक लेफ्टीनेंट जनरल हैं, जो सिख हैं, राजधानी के एक अलप्संख्यकनुमा विश्वविद्यालय के उप-कुलपति हैं तथा विदेश सेवा से अवकाश-प्राप्त एक राजदूत हिन्दू हैं, इसी तरह के कुछ और नाम भी हैं। ये सब भले लोग हैं, समाज और प्रेस में इनका बड़ा सम्मान है। पढ़े-लिखे तथा बड़े-बड़े पदों पर आसानी या अवकास-प्राप्त। उनके सेकुलर होने में किसी को कोई शक नहीं हो सकता। और वे हमेशा इस तरह के साम्प्रदायिकता विरोधी सम्मेलनों में आने पर तैयार हो जाते हैं।

एक दिन सो कर उठा और हब्बे-दस्तूर आँखें मलता हुआ अखबार उठाने बालकनी पर आया तो हैडिंग थी—

‘पुरानी दिल्ली में दंगा हो गया। तीन मारे गए। बीस घायल। दस की हालत गंभीर। पचास लाख की सम्पत्ति नष्ट हो गई।’

पूरी खबर पढ़ी तो पता चला कि दंगा कस्साबपुरे में भी हुआ है। कस्साबपुरे का ख्याल आते ही मुख्तार का ख्याल आ गया। वह वहीं रहता था। अपने शहर का था। सिलाई का काम करता था कनाट प्लेस की दुकान में। अब सवाल ये था कि मुख्तार से कैसे ‘कान्टैक्ट’ हो। कोई रास्ता नहीं था; न फोन, न कर्फ्यू-पास और न कुछ और।

मुख्तार और मैं, जैसा कि मैं लिख चुका हूँ, एक ही शहर के हैं। मुख्तार दर्जा आठ तक इस्लामिया स्कूल में पढ़ा और फिर अपने पुस्तैनी सिलाई के धन्धे में लग गया था। मैं उससे बाद में मिला था, उस वक्त जब मैं हिन्दी में एम.ए. करने के बाद बेकारी और नौकरी की तलाश से तंग आकर अपने शहर में रहने लगा था। वहाँ मेरे एक रिश्तेदार, जिन्हें हम सब हथियार कहा करते थे, आवारगी करते थे। आवारगी का मतलब कोई गलत न लीजिएगा, मतलब कि ये बेकार थे। इंटर में कई बार फेल हो चुके थे और उनका शहर में जनसम्पर्क अच्छा था। तो उन्होंने मेरी मुलाकात मुख्तार से कराई थी। पहली, दूसरी और तीसरी मुलाकात में वह कुछ नहीं बोला था। शहर की मुख्य सड़क पर सिलाई की एक दुकान में वह काम करता था और शान को हम लोग उसकी दुकान पर बैठा करते थे। दुकान का एक मालिक बफाती भाई मालदार और बाल-बच्चेदार आदमी था। वह शाम के सात बजते हैं दुकान की चाबी मुख्तार को सौंपकर और भैंसे का गोश्त लेकर घर चला जाता था। उसके बाद वह दुकान मुख्तार की होती थी। एक दिन अचानक हैदर हथियार ने यह राज खोल दिया कि मुख्तार भी ‘बिरादर’ है। ‘बिरादर’ का मतलब भाई होता है, लेकिन हमारी जुबान में ‘बिरादर’ का मतलब था जो आदमी शराब पीता है, लेकिन हमारी जुबान में ‘बिरादर’ का मतलब था जो आदमी शराब पीता हो।

शुरू-शुरू में मुख्तार का मुझसे जो डर था वह दो-चार बार साथ पीने से खत्म हो गया था। और मुझे ये जानकर बड़ी हैरत हुई थी कि वह अपने समाज और उसकी समस्याओं में रुचि रखता है। वह उर्दू का अखबार पढ़ता था। खबरें ही नहीं, खबरों का विश्लेषण भी करता था और उसका मुख्य विषय हिन्दू-मुस्लिम साम्प्रदायिकता थी। जब मैं उससे मिला तब, अगर बहुत सीधी जुबान से कहें तो वह पक्का मुस्लिम साम्प्रदायिक था। शराब पीकर जब वह खुलता था तो सेर की तरह दहाड़ने लगता था। उसका चेहरा लाल हो जाता था। वह हाथ हिला-हिलाकर इतनी कड़वी बातें करता था कि मेरा जैसा धैर्यवान न होता तो कब की लड़ाई हो गई होती। लेकिन मैं अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में रहने और वहाँ ‘स्टूडेंट फेडरेशन’ की राजनीति करने के कारण पक चुका था। मुझे मालूम था कि भावुकता और आक्रोश का जवाब केवल प्रेम और तर्क से दिया जा सकता है। वह मुहम्मद अली जिन्ना का भक्त था। श्रद्धावश उनका नाम नहीं लेता था। बल्कि उन्हें ‘कायदे आजम’ कहता था। उसे मुस्लिम लीग से बेपनाह हमदर्दी थी और वह द्वि-राष्ट्रवाद को बिलकुल सही मानता था। पाकिस्तान के इस्लामी मुल्क होने पर गर्व करता था और पाकिस्तान को श्रेष्ठ मानता था।

मुझे याद है कि एक दिन उसकी दुकान में मैं, हैदर हथियार और उमाशंकर बैठे थे। शाम हो चुकी थी। दुकान के मालिक बफाती भाई जा चुके थे। कड़कड़ाते जाड़ों के दिन थे। बिजली चली गई थी। दुकान में एक लैंप जल रहा था, उसकी रोशनी में मुख्तार मशीन की तेजी से एक पैंट सी रही था। अर्जेन्ट काम था। लैम्प की रोशनी की वजह से सामने वाली दीवार पर उसके सिर की परछाईं एक बड़े आकार में हिल रही थी। मशीन चलने की आवाज से पूरी दुकान थर्रा रही थी। हम तीनों मुख्तार के काम खत्म होने का इन्तजार कर रहे थे। प्रोग्राम यह था कि उसके बाद ‘चुस्की’ लगाई जाएगी। आधे घंटे बाद काम खत्म हो गया और ‘चाय की प्यालियाँ’ लेकर हम बैठे गए। बातचीत घूम-घूमकर पाकिस्तान पर आ गई। हस्बे-दस्तूर मुख्तार पाकिस्तान की तारीफ करने लगा। ‘कायदे आजम’ की बुद्धिमानी के गीत गाने लगा। उमाशंकर से उसका कोई पर्दा न था, क्योंकि दोनों एक-दूसरे को अच्छी तरह जानते थे। कुछ देर बाद मौका देखकर मैंने कहा,

‘‘ये बताओ मुख्तार, जिन्ना ने पाकिस्तान क्यों बनवाया ?’’

‘‘इसलिए कि मुसलमान वहाँ रहेंगें’’, वह बोला।

‘‘मुसलमान तो यहाँ भी रहते हैं।’’

‘‘लेकिन वो इस्लामी मुल्क है।’’

‘‘तुम पाकिस्तान तो गए हो ?’’

‘‘हाँ गया हूँ।’’

‘‘वहाँ और यहाँ क्या फर्क है ?’

‘‘बहुत बड़ा फर्क है।’’

‘‘क्या फर्क है ?’’

‘‘वो इस्लामी मुल्क है।’’

‘‘ठीक है, लेकिन यह बताओ कि वहाँ–गरीबों और अमीरों में वैसा ही फर्क नहीं है जैसा यहाँ है; क्या वहाँ रिश्वत नहीं चलती; क्या वहाँ भाई-भतीजावाद नहीं है; क्या वहाँ पंजाबी-सिन्धी और मोहाजिर ‘फीलिंग’ नहीं है ! क्या पुलिस लोगों को फँसाकर पैसा नहीं वसूलती ?’’

मुख्तार चुप हो गया। उमाशंकर बोले,

‘‘हाँ, बताओ..अब चुप काहे हो गए ?’’

मुख्तार ने कहा, ‘‘हाँ, ये सब तो वहाँ भी हैं लेकिन है तो इस्लामी मुल्क।’’

‘‘यार, वहाँ डिक्टेटरशिप है, इस्लाम तो बादशाहत तक के खिलाफ है, तो वो कैसा इस्लामी मुल्क हुआ ?’

‘‘अमाँ छोड़ो...क्या औरते वहाँ पर्दा करती हैं ? बैंक तो वहाँ भी ब्याज लेते देते होंगे...फिर काहे का इस्लामी मुल्क।’’ उमाशंकर ने कहा।

‘‘भइया, इस्लाम ‘मसावात’ सिखाता है...मतलब बराबरी, तुमने पाकिस्तान में बराबरी देखी ?’’

मुख्तार थोड़ी देर के लिए चुप हो गया। फिर अचानक फट पड़ा,

‘‘और यहाँ क्या है मुसलमानों के लिए ? इलाहाबाद, अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, दिल्ली भिवंडी—कितने नाम गिनाऊँ...मुसलमानों की जान इस तरह ली जाती है जैसे कीड़े-मकोडे हों।’’

‘‘हाँ, तुम ठीक कहते हो।’’

‘‘मैं कहता हूँ ये फसाद क्यों होते हैं ?’’

‘‘भाई मेरे, फसाद होते नहीं, कराए जाते हैं।’’

‘‘’कराए जाते हैं ?’’

‘‘हाँ भाई, अब तो बात जगजाहिर है।’’

‘‘कौन कराते हैं ?’

‘‘जिन्हें उससे फायदा होता है।’’

‘‘किन्हें उन्हें फायदा होता है ?’’

‘‘वो लोग जो मजहब के नाम पर वोट माँगते हैं। वो लोग जो मजहब के नाम पर नेतागिरी करते हैं।’’

‘‘कैसे ?’’

‘‘देखो, जरा सिर्फ तसव्वुर करो कि हिन्दुस्तान में हिन्दुओं, मुसलमानों के बीच कोई झगड़ा नहीं है। कोई बाबरी मस्जिद नहीं है। कोई राम जन्म-भूमि नहीं है। सब प्यार से रहते हैं, तो भाई, ऐसी हालत में मुस्लिम लीग या आर.एस.एस. के नेताओं के पास कौन जाएगा ? उनका वजूद ही खत्म हो जाएगा। इस तरह समझ लो कि शहर में कोई डॉक्टर है जो सिर्फ कान का इलाज करता है और पूरे शहर में सब लोगों के कान ठीक हो जाते हैं। किसी को कान में कोई तकलीफ नहीं है, तो डॉक्टर अपना पेशा छोड़ना पड़ेगा या शहर छोड़ना पड़ेगा।’’

वह चुप हो गया। शायद वह अपना जवाब सोच रहा था। मैंने फिर कहा,

‘‘और फिरकापरस्ती से उन लोगों को भी फायदा होता है जो इस देश की सरकार चला रहे हैं।’’

‘‘कैसे ?’’

‘‘अगर तुम्हारे दो पड़ोसी आपस में लड़ रहे हैं, एक-दूसरे के पक्के दुश्मन हैं, तो तुम्हें उन दोनों से कोई खतरा नहीं हो सकता...उसी तरह हिन्दू और मुसलमान आपस में ही लड़ते रहें तो सरकार से क्या लड़ेंगे ? क्या कहेंगे कि हमारा ये हक है, हमारा वो हक है और तीसरा फायदा उन लोगों को पहुँचता है जिनका कारोबार उसकी वजह से तरक्की करता है। अलीगढ़ में फसाद, भिवण्डी के फसाद इसकी मिशालें हैं।’’

ये तो शुरुआत थी। धीरे-धीरे ऐसा होने लगा कि हम लोग जब भी मिलते थे, बातचीत इन्हीं बातों पर होती। चाय या होटल हो या शहर के बाहर सड़क के किनारे कोई बीरान-सी पुलिया-बहस शुरू हो जाया करती थी। बहस भी अजब चीज है।

Asghar Wajahat
About the poet

Asghar Wajahat असग़र वजाहत

Syed Asghar Wajahat, popularly known as Asghar Wajahat (born 5 July 1946), is a Hindi scholar, fiction writer, novelist, playwright, an independent documentary filmmaker, and a television scriptwriter, who is most known for his work, 'Saat Aasmaan' and his ac…

View profile & all 18 Poems / Stories

More from Asghar Wajahat

  1. शाह आलम कैम्प की रूहें

    शाह आलम कैम्प में दिन तो किसी न किसी तरह गुज़र जाते हैं लेकिन रातें क़यामत की होती है। ऐसी नफ़्स़ा नफ़्स़ी का अलम होता है कि अल्ला बचाये। इतनी आवाज़े होती हैं कि कानपड़ी आवाज़ नहीं सुनाई देती, चीख-पुकार, शोर-गुल, रोना, चिल्लाना, आहें सिसकियां. . .रात के वक्त़ रूहें अपने बाल-बच्चों से मिलने आती हैं। रूहें अपने यतीम बच्चों के सिरों पर हाथ फेरती हैं, उनकी सूनी आंखों में अपनी सूनी आंखें डालकर कुछ कहती हैं। बच्चों को सीने से लगा लेती हैं। ज़िंदा जलाये जाने से पहले जो उनकी जिगरदोज़ चीख़ों निकली थी वे पृष्ठभूमि में गूंजती रहती हैं। सारा कैम्प जब सो जाता है तो बच्चे जागते हैं, उन्हें इंतिजार रहता है अपनी मां को देखने का. . .अब्बा के साथ खाना खाने का। कैसे हो सिराज, 'अम्मां की रूह ने सिराज के सिर पर हाथ फेरते हुए कहा।'

    12.8K reads
  2. मैं हिन्दू हूँ

    ऐसी चीख कि मुर्दे भी कब्र में उठकर खड़े हो जाएं। लगा कि आवाज़ बिल्कुल कानों के पास से आई है। उन हालात में. . .मैं उछलकर चारपाई पर बैठ गया, आसमान पर अब भी तारे थे. . .शायद रात का तीन बजा होगा। अब्बाजान भी उठ बैठे। चीख फिर सुनाई दी। सैफ़ अपनी खुर्री चारपाई पर लेटा चीख रहा था। आंगन में एक सिरे से सबकी चारपाइयां बिछी थीं।लाहौलविलाकुव्वत. . . अब्बाजान ने लाहौल पढ़ी

    12.8K reads
  3. तमाशे में डूबा हुआ देश

    मैं पहले कहानियाँ लिखा करता था। अब मैंने कहानियाँ लिखना छोड़ दिया है क्योंकि कहानी लिखने से कोई बात नहीं बनती। झूठे सच्चे पात्र गढ़ना, इधर उधर की घटनाओं को समेटना, चटपटे संवाद लिखना, अपनी पढ़ी हुई किताबों की जानकारियों और अपने ज्ञान को कहानी में उलट देने से क्या होता है? मैं अपने दूसरे कहानीकार मित्रों को सलाह देता हूँ कि वे कहानी वहानी लिखने का काम छोड़ दें। हमारे इस देश में जहाँ रोज, हर पल, हर जगह कहानी से ज्यादा निर्मम घट रहा हो वहाँ कहानी लिखना बेकार की बात है। अपने चारों तरफ निगाह उठा कर देखिए, आपको बिखरी पड़ी कहानियाँ देख कर अपने कहानीकार होने पर शर्म आएगी जो मुझे आ चुकी है और मैंने कहानियाँ लिखना बंद कर दिया है। लेकिन चूँकि लिखने की आदत पड़ चुकी है और लिखे बिना चैन भी नहीं आता इसलिए सोचा है मैं कहानियाँ न लिख कर 'वाक्या' लिखा करूँगा। 'वाक्या' उर्दू का शब्द है जिसका मतलब 'घटना' निकाला जा सकता है लेकिन शायद बात पूरी बनेगी नहीं। 'वाक्या' किसी ऐसी सच्ची घटना का विवरण कहा जा सकता है जो रोचक, नाटकीय और मनोरंजक हो। केवल घटना मात्र न हो। अगर मैं आपको सिर्फ घटनाएँ सुनाने लगूँगा तो उसमें कुछ मजा न आएगा और आप मुझे बेवकूफ और मूर्ख समझ कर पढ़ना बंद कर देंगे। हो सकता है यह काम आप 'वाक्या' सुनने के बाद भी करें लेकिन मुझे अब भी उम्मीद है कि और कुछ करें या न करें 'वाक्ये' को सुन लेंगे। यह सच्चा वाक्या है। बहरहाल सच्चाई तो वैसे भी सामने आ जाएगी। मेरे कहने से न सच झूठ हो सकता है और न झूठ सच हो जाएगा।हमारे ही देश के एक शहर में एक आदमी गायब हो गया और दो कुत्ते के पिल्ले गायब हो गए। मैं शहर का नाम नहीं बताऊँगा क्योंकि वाक्यानिगार होने का यह मतलब नहीं है कि मैं लोगों का दिल दुखाऊँ और अपना जीना हराम कर लूँ। आप जानते ही हैं कि आज हमारे अहिंसक देश में हर तरह की हिंसा तरक्की पर है। पहले जो बात तू तू मैं मैं पर खत्म हो जाती वह अब हत्या का कारण बन जाती है। अब तो हत्यारों का सम्मान होता है। मैं जिस इलाके का रहनेवाला हूँ वहाँ जिसने जितनी हत्याएँ की होती हैं उसका उतना सम्मान होता है। यही कारण है कि आज तक मेरे इलाके में मेरा सम्मान नहीं हो सका है क्योंकि मैं मक्खी मारने लायक भी नहीं हूँ। सम्मान के मानदंड बदल गए हैं। इसे साबित करने के लिए मिसाल के लिए एक और वाक्या भी है। विधान सभा के चुनाव हो जाने के बाद कुछ नेतागण विधायक कैंटीन में बैठे बातचीत कर रहे थे और सब एक दूसरे से पूछ रहे थे कि आपने कहाँ से 'कंटेस्ट' किया था। ध्यान दें कि उनमें लोकतंत्र की भावना कितनी प्रबल थी। वे हारने या जीतने की बात नहीं कर रहे थे, केवल 'कंटेस्ट' करने की बात कर रहे थे। सबने बताया कि उन्होंने कहाँ कहाँ से 'कंटेस्ट' किया है। एक आदमी से पूछा गया तो उसने कहा कि मैंने कहीं से 'कंटेस्ट' नहीं किया है। सब उसे देख कर हैरत में पड़ गए और कहा, जाइए जा कर काउंटर से छह चाय ले आइए।

    13.1K reads
  4. केक

    उन्होंने मेज़ पर एक ज़ोरदार घूँसा मारा और मेज़ बहुत देर तक हिलती रही। 'मैं कहता हूं जब तक ऐट ए टाइम पाँच सौ लोगों को गोली से नहीं उड़ा दिया जायेगा, हालात ठीक नहीं हो सकते।' अपनी खासी स्पीकिंग-पावर नष्ट करके वह हाँफने लगे। फिर उन्होंने अपना ऊपरी होंठ निचले होंठ से दबाकर मुझे घूरना शुरू किया। वह अवश्य समझ गये थे कि मैं मुस्करा रहा हूं। फिर उन्होंने घूरना बंद कर दिया और अपनी प्लेट पर पिल पड़े।रोज़ ही रात को राजनीति पर बात होती है। दिन के दो बजे से रात आठ बजे तक प्रूफ़रीडिंग का घटिया काम करते-करते वह काफ़ी खिसिया उठते हैं।

    14.2K reads
  5. आठवां आश्चर्य

    लड़की खूबसूरत थी। इतनी कि अगर किसी छोटे शहर में होती तो किसी मंत्री-पुत्र ने उसे उठवाने की कोशिश जरूर की होती। या उसके नाम पर दो-चार बार चाकू चलते। अगर नहीं, तो कम-से-कम सौ-पचास कविताएं तो लिखी ही जातीं। हजार पांच सौ प्रेम-पत्र मिलते। अगर बहुत बड़े शहर में होती तो फिल्मों और सीरियलों में काम के ऑफर मिल गए होते। विज्ञापन एजेन्सियों के गुरु घण्टालों ने डोरे डाले होते। साहित्य, कला, संस्कृति प्रेमियों से बच जाती तो रंगमंच और नृत्य वालों ने तो छोड़ा ही न होता। मतलब यह कि लड़की खूबसूरत थी, यात्रा में थी और साथ उसका पति था या हो सकता है होने वाला पति हो या ये भी हो सकता है कि कभी न हो पाने वाला पति हो। लड़की को देखकर सुरूर चढ़ता था। ऐसा जैसे एक छोटा पेग लगा लिया हो। लड़के को देखकर लगता था किसी ने छोटे पेग में नीबू निचोड़ दिया हो।लड़की की उम्र करीब बीस-इक्कीस रही होगी। उसके साथ लड़का अट्ठाइस-तीस के करीब का था। दोनों ने रंग उड़ी नीली जीन्स जैकेट, एक रंग और डिजाइन के जूते पहने थे। दोनों ने घड़ियां भी मैच करती हुई लगाई थीं। दोनों का जोड़ा बड़ा फब रहा था। हो सकता है मैं केवल मर्दों के नजरिए से कह रहा हूं, लेकिन लड़की लड़के के मुकाबले गजब की चीज थी। उसके सीधे रेशमी लम्बे बाल कन्धों पर पड़े थे और जेवर के नाम पर नाक में बस हीरे के कील थी जिसकी चमक कल्पना के हिन्द महासागर में उतर जाने के लिए काफी थी। चेहरे पर बेफिक्री और मस्ती थी। जीन्स और जैकेट में उसका शरीर फुलझड़ियां छोड़ता-सा लग रहा था।

    13.1K reads

More Poetry & Stories You May Like